HomeNewsक्राइमखेत घूमने गये युवक को सरेशाम मारी गयी गोली

खेत घूमने गये युवक को सरेशाम मारी गयी गोली

खेत घूमने गये युवक को सरेशाम मारी गयी गोली, हालत गंभीर

जगदीशपुर थाने के मझुपुर गांव के समीप गुरुवार की देर शाम की वारदात

जख्मी युवक का बाबू बाजार स्थित प्राइवेट अस्पताल में कराया जा रहा इलाज

घटना का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं, मामले की छानबीन में जुटी पुलिस

शादी के सिलसिले में गांव आया था युवक, सुबह ही लड़की वाले आये थे देखने
आरा। भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के मझुपुर गांव के बधार में गुरुवार की शाम खेत घूमने गये एक युवक को गोली मार दी गयी। गोली उसके दाहिने साइड आंख के ऊपर ललाट के पास लगी है। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसका इलाज आरा के बाबू बाजार स्थित प्राइवेट अस्पताल कराया जा रहा है। उसकी स्थिति नाजुक बनी है। जख्मी युवक मझुपुर गांव निवासी बजरंगी सिंह का 22 वर्षीय पुत्र विकी कुमार है। गोली मारने का आरोप गांव के ही एक युवक पर लगाया जा रहा है। हालांकि घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। बजरंगी सिंह ने बताया कि उनका पुत्र कोलकाता में काम करता है। अपनी शादी के सिलसिले में वह करीब बीस रोज पहले ही घर आया था। गुरुवार सुबह ही लड़की वाले उसे देखने आए थे। इसके बाद गुरुवार की शाम उनके कहने पर वह खेत घूमने निकला था। इस बीच वह पुल के पास बैठा था। तभी बदमाश आ धमके और उसे गोली मार दी। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इधर, सूचना मिलने पर जगदीशपुर थानाध्यक्ष संजीव कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए।

पिता बोले: किसी से दुश्मनी नहीं, पर गांव में सुबह किसी लड़के से झगड़े की चर्चा

युवक के पिता बजरंगी सिंह ने गांव के ही जुगुल सिंह के पुत्र विजेंद्र सिंह पर गोली मारने का आरोप लगाया है। हालांकि उन्होंने किसी से भी विवाद या दुश्मनी होने से इनकार किया है। वहीं सूत्रों के अनुसार आरोपित का जख्मी के घरवालों से सुबह झगड़ा हुआ था। बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। इधर, इलाज कर रहे डॉ.विकास सिंह ने बताया कि युवक को गोली दाहिने आंख के पास लगी है। उसके कारण उसका आईबॉल डैमेज हो गया है और खून काफी तेजी से बह रहा है। उसका खून बंद कर दिया है। लेकिन मरीज की स्थिति अभी नाजुक है और उसे उल्टी भी हो रही है।

KRISHNA KUMAR
KRISHNA KUMAR
बिहार के आरा निवासी डॉ. कृष्ण कुमार एक भारतीय पत्रकार है। डॉ. कृष्ण कुमार हिन्दी समाचार खबरें आपकी के संपादक एवं न्यूज पोर्टल वेबसाईट के प्रमुख लोगों में से एक है।
- Advertisment -
Bharat Ji Shahpur
School AD

Most Popular