Bihar Elections: अब तक न तो एनडीए और न इंडिया गठबंधन की ओर से ही शाहपुर सीट पर प्रत्याशी के नाम पर पार्टियों की ओर से मुहर लगाई गई है।
- हाइलाइट: Bihar Elections
- स्थानीय विधायक तैयारी शुरू कर चुके हैं और नामांकन का आमंत्रण भी अपने लोगों तक पहुंचा रहे हैं
आरा: भोजपुर जिला की सभी सातों सीटों पर पहले चरण में विधानसभा चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया के अब कुछ ही दिन शेष बचे है। लेकिन, अब तक किसी प्रमुख पार्टी और गठबंधन की ओर से शाहपुर सीट पर प्रत्याशी के नाम पर मुहर नहीं लगाई गई है। ऐसे में चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे शाहपुर विधानसभा के संभावित प्रत्याशियों से लेकर वोटरों में भी अटकलें खत्म नहीं हो रही हैं।
ऐसे में एक ओर जहां प्रत्याशी भी अपने नाम की घोषणा नहीं होने से चिंतित हैं, तो उनके समर्थक भी खुश नहीं हैं। वहीं दूसरी ओर किसे टिकट मिलेगा, अभी अबूझ पहेली बनी हुई है और कई नामों की चर्चा के बीच कयास भर लगाये जा रहे हैं। वहीं अब तक जनशक्ति जनता दल की ओर से मदन यादव की घोषणा की गई है।
हलाकी पार्टी से संकेत मिलने पर स्थानीय विधायक तैयारी शुरू कर चुके हैं और नामांकन का आमंत्रण भी अपने लोगों तक पहुंचा रहे हैं। लेकिन, अब तक न तो एनडीए और न इंडिया गठबंधन की ओर से ही शाहपुर सीट पर प्रत्याशी के नाम पर पार्टियों की ओर से मुहर लगाई गई है। ऐसे में लोगों के बीच नामों के सामने आने का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। लोगों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि पार्टी प्रत्याशी का ऐलान कब होगा? हालांकि उम्मीद है कि आज प्रत्याशियों का नाम सबके सामने सार्वजनिक हो जाएगा।
Bihar Elections: टिकट लेना चुनाव जीतने से पहले की जीत से कम नहीं
बिहार विधानसभा चुनाव में प्रमुख पार्टियों से टिकट लेने वालों की होड़ मची है। हर सीट पर एनडीए और महागठबंधन के सभी दलों से एक से अधिक दावेदार हैं। हालांकि, भोजपुर जिले की अधिकतर सीटें किस पार्टी के खाते में रहेंगी, यह साफ हो चुका है। हां, कुछ सीटों पर पेच फंसा हुआ है। ऐसे में टिकट के दावेदार अपनी ओर से एड़ी-चोटी का जोर लगाए हुए हैं। वहीं कुछ सीटों पर कुछ दावेदार अपनी हार मानने लगे हैं। ऐसे में लोगों का मानना है कि चुनाव जीतने से पहले टिकट लेना भी बड़ी जीत से कम नहीं है।
एनडीए में तीन सीटों पर जदयू तो चार पर भाजपा के लड़ने की उम्मीद: एनडीए में जिले की तीन सीट संदेश, जगदीशपुर और अगिआंव में जदयू के प्रत्याशी लड़ने की पूरी संभावना है। वहीं जिले की चार सीट तरारी, आरा, बड़हरा और शाहपुर भाजपा के कोटे में रहने की संभावना है। इनमें तरारी से नाम तय माना जा रहा है, तो वहीं आरा, बड़हरा और शाहपुर सीट पर कई नामों की चर्चा हो रही है।
महागठबंधन में तीन-तीन सीट पर राजद और भाकपा माले का लड़ना तय: जिले की सात में से तीन सीट आरा, अगिआंव और तरारी में भाकपा माले के प्रत्याशी का नाम फाइनल हो गया है। वहीं जिले की संदेश सीट से राजद के दीपू राणावत का नाम सामने आ चुका है। इधर, शाहपुर सीट पर भी नाम तय माना जा रहा है। जबकि, जिले की जगदीशपुर सीट राजद कोटे में रहेगी, लेकिन यहां प्रत्याशी कौन होगा, यह तय नहीं है। वहीं बड़हरा सीट पर राजद के अलावा कांग्रेस और वीआईपी की ओर से भी दावा होने की चर्चा है।


