Homeबिहारभोजपुरहड़ताल पर गए भोजपुर के 17 पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण की मांग

हड़ताल पर गए भोजपुर के 17 पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण की मांग

CO Strike भोजपुर: हड़ताल पर गए सीओ तथा राजस्व पदाधिकारियों के खिलाफ विभाग सख्त, 17 पदाधिकारियों से 30 मार्च तक मांगा स्पष्टीकरण

  • हाइलाइट: CO Strike
  • विभाग की इस सख्ती से प्रशासनिक गलियारे में हड़कंप

आरा,बिहार। भोजपुर जिले में अवैध सामूहिक अवकाश और हड़ताल पर गए अंचलाधिकारियों (सीओ) तथा अन्य राजस्व पदाधिकारियों पर राजस्व विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। राजस्व शाखा के अपर समाहर्ता (एडीएम) डॉ. शशि शेखर ने कर्तव्य में लापरवाही और विभागीय आदेशों की अवहेलना के आरोप में कुल 17 पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है।

विभागीय जानकारी के अनुसार, 25 मार्च तक हड़ताल से काम पर वापस नहीं लौटने वाले नौ अंचलाधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है। इनमें अगिआंव के वागीश सिंह, बिहिया की रचना कुमारी, चरपोखरी के चंदन चौधरी, गड़हनी की दीपा कुमारी, कोईलवर की प्रियंका कुमारी, पीरो के लखेंद्र कुमार, सहार के राकेश शर्मा, शाहपुर के आनंद प्रकाश और तरारी के सुमित कुमार यादव शामिल हैं।

CO Strike: आठ राजस्व पदाधिकारियों पर भी कार्रवाई की तलवार

अंचलाधिकारियों के अतिरिक्त आठ अन्य पदाधिकारियों पर भी कार्रवाई की तलवार लटक रही है। इनमें अगिआंव के राजस्व अधिकारी सोमनाथ सिंह, कोईलवर के राजभूषण सिंह, संदेश के नवनीत कुमार, शाहपुर की रश्मि सागर और तरारी के आमिर अजीम शामिल हैं। साथ ही प्रभारी बंदोबस्त कार्यालय की प्रियंका कुमारी, चकबंदी पदाधिकारी संजय कुमार और अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी संजय कुमार से भी जवाब-तलब किया गया है।

एडीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को 30 मार्च तक अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से पूछा है कि विभागीय आदेशों की अवहेलना और अनुशासनहीनता के लिए उनके विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों न की जाए।

दूसरी ओर, जिले के पांच अंचलाधिकारियों—आरा सदर, संदेश, उदवंतनगर, बड़हरा और जगदीशपुर—पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, हड़ताल के दौरान इन अधिकारियों के ड्यूटी पर तैनात रहने या विधिवत अवकाश पर होने के कारण इन्हें इस कार्रवाई की जद से बाहर रखा गया है। विभाग की इस सख्ती से प्रशासनिक गलियारे में हड़कंप मचा हुआ है।

Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi
- Advertisment -
Bharat Ji Shahpur
School AD

Most Popular