Monthly Board Meeting: नगर पंचायत की उपमुख्य पार्षद झुनीया देवी ने इस संबंध में कार्यपालक पदाधिकारी को एक पत्र प्रेषित कर गंभीर शिकायतों से अवगत कराया है।
- हाइलाइट:Monthly Board Meeting
- बैठक में नगर पंचायत के निर्धारित एजेंडे पर गंभीरतापूर्वक विचार-विमर्श किया गया
आरा। शाहपुर नगर पंचायत के सभागार में शनिवार को मासिक बोर्ड की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य पार्षद जुगनू देवी द्वारा की गई। इस अवसर पर नगर पंचायत के पदाधिकारी और विभिन्न वार्डों के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक के दौरान नगर पंचायत के निर्धारित एजेंडे पर गंभीरतापूर्वक विचार-विमर्श किया गया, जिसमें नगर की स्वच्छता, जलापूर्ति, प्रकाश व्यवस्था और होल्डिंग टैक्स जैसे प्रमुख बिंदु शामिल थे। वही कई जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने वार्डों की वर्तमान स्थिति और समस्याओं को प्रमुखता से रखा। बैठक में उपमुख्य पार्षद झुनीया देवी, कार्यपालक पदाधिकारी शुभम कुमार, कनीय अभियंता जयनन्दन चौधरी, वार्ड पार्षद संजय चतुर्वेदी, हिरालाल पांडेय, कामेश्वर राज, आरती देवी, मधुमाला कुमारी सहित अन्य पार्षद व नगर कर्मी मौजूद रहें।
Monthly Board Meeting: होल्डिंग टैक्स वसूली पर उपमुख्य पार्षद ने उठाये सवाल
विदित रहें की नगर पंचायत शाहपुर में होल्डिंग टैक्स वसूली में अनियमितताओं का मामला चर्चा में है। नगर पंचायत की उपमुख्य पार्षद झुनीया देवी ने इस संबंध में कार्यपालक पदाधिकारी को एक पत्र प्रेषित कर गंभीर शिकायतों से अवगत कराया है। उन्होंने नगर पंचायत के अंतर्गत होल्डिंग टैक्स वसूली करने वाले कुछ नगर कर्मियों की कार्यप्रणाली पर भी कड़े सवाल उठाए हैं।
डिजिटल भुगतान नहीं, नकद भुगतान के लिए दबाव बनाना
उपमुख्य पार्षद द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कुछ नगर कर्मियों के विरुद्ध नागरिकों की ओर से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। इन शिकायतों में मुख्य रूप से टैक्स के नाम पर नागरिकों से जबरन अधिक राशि वसूलने का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा, कर्मियों द्वारा डिजिटल भुगतान के विकल्पों जैसे पे-फोन, ऑनलाइन माध्यम या चेक को स्वीकार न करना और केवल नकद भुगतान के लिए दबाव बनाना,जो प्रशासनिक नियमों के विरुद्ध है।
सरकारी जमीन अतिक्रमण करने वाले व्यक्तियों के नाम होल्डिंग निर्धारण
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि कर वसूली के नाम पर नागरिकों को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया है। नागरिकों को उनकी घर की नीलामी किए जाने या भारी जुर्माना लगाए जाने की धमकियां देकर भयभीत किया गया। साथ ही, सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने वाले व्यक्तियों का गलत तरीके से होल्डिंग निर्धारण कर उनसे अवैध वसूली करने की भी जानकारी मिली है। इसके अतिरिक्त, सड़कों का गलत वर्गीकरण करना, टैक्स की दरों का अनुचित निर्धारण करना तथा बिना उचित होल्डिंग सत्यापन और आवश्यक कानूनी इस्तहार के मनमानी वसूली करना इन कर्मियों की कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न लगाता है।
वसूली गई अवैध धनराशि पर हो कारवाई
उपमुख्य पार्षद झुनीया देवी ने इन गंभीर आरोपों के दृष्टिगत कार्यपालक पदाधिकारी से पूरे प्रकरण की तत्काल, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में कोई भी कर्मी दोषी पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी और अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। साथ ही, उन्होंने यह भी मांग की है कि वसूली गई अवैध धनराशि को अविलंब संबंधित होल्डिंग टैक्स पे-ऑनर के खाते में वापस जमा कराया जाए ताकि नगर की आम जनता को न्याय मिल सके।


