Munna Pandey: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पहले अपने उन एनडीए कार्यकर्ताओं पर ध्यान देना चाहिए, जिन्होंने प्रखंड कार्यालयों के सरकारी भवनों पर अवैध कब्जा जमा रखा है।
- हाइलाइट: Munna Pandey
- प्रखंडों में बीसूत्री कार्यालय पर एनडीए कार्यकताओं का अवैध कब्जा
- राजद के मुन्ना पांडेय ने कहा: सम्राट चौधरी पहले इसे मुक्त करायें
आरा। प्रखंड़ों में बीसूत्री कार्यालयों पर अवैध कब्जे को लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता मुन्ना पांडेय ने इस मुद्दे को लेकर राज्य की एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड परिसर स्थित बीसूत्री कार्यालय पर सवाल उठाते हुए इसे सत्ता के दुरुपयोग का एक बड़ा उदाहरण बताया है।
Munna Pandey : प्रखंड कार्यालयों के सरकारी भवनों पर अवैध कब्जा
शाहपुर राजद के पूर्व प्रखंड प्रवक्ता मुन्ना पांडेय ने कहा कि बिहार में नई सरकार के गठन और मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों के दो बार शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हो चुके हैं, इसके बावजूद प्रखंड स्तर पर बीसूत्री कार्यालयों पर पूर्व अध्यक्षों का अवैध कब्जा अब भी बरकरार है। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें राबड़ी देवी आवास को लेकर चिंता करने से पहले अपने उन एनडीए कार्यकर्ताओं पर ध्यान देना चाहिए, जिन्होंने प्रखंड कार्यालयों के सरकारी भवनों पर अवैध कब्जा जमा रखा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रशासन को सबसे पहले इन सरकारी कार्यालयों को अवैध दखल से मुक्त कराना चाहिए।
श्री पांडेय ने याद दिलाया कि भोजपुर-बक्सर एमएलसी चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता लागू होने के बावजूद इन कार्यालयों का इस्तेमाल चुनावी गतिविधियों के लिए धड़ल्ले से किया गया था। उस दौरान भी हमारे महागठबंधन के प्रत्याशी सोनू राय जी ने इस अनैतिक कार्य का पुरजोर विरोध किया था और प्रशासन से संज्ञान लेने की मांग की थी।
मुन्ना पांडेय ने कहा कि जब भी राज्य में सरकार बदलती है या नया विधानसभा सत्र आरंभ होता है, तब पूर्ववर्ती समितियों को आधिकारिक तौर पर भंग मान लिया जाता है। इसके पश्चात, सरकार द्वारा नई अधिसूचना जारी की जाती है और नई नियुक्तियां की जाती हैं। वर्तमान स्थिति में पूर्व अध्यक्षों का कार्यालयों पर बने रहना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह सरकारी तंत्र की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़ा करता है।
प्रखंड कार्यालय के समक्ष 9 जून को एक दिवसीय धरना प्रदर्शन
महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ते भ्रष्टाचार के खिलाफ राष्ट्रीय जनता दल द्वारा 9 जून को जगदीशपुर प्रखंड कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया है। इस धरना के माध्यम से आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा तथा सरकार से जनहित के सवालों पर जवाबदेही की मांग की जाएगी। राजद नेताओं द्वारा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और आम लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।

