05 June 2026, Arrah: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को भोजपुर जिला के विभिन्न जगहों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
- हाइलाइट: 05 June 2026, Arrah
- विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर फलदार वृक्षों का किया गया रोपण
- बिंद टोली स्थित बाबा सिद्धनाथ मंदिर एवं कतीरा स्थित सुधा डेयरी परिसर में हुआ वृक्षारोपण
- यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया शाहाबाद इकाई के तत्वावधान में हुआ वृक्षारोपण
- 6 जून को बिहिया स्थित सूधा डेयरी परिसर में होगा वृक्षारोपण
आरा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया शाहाबाद इकाई के द्वारा दो दिवसीय वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसी कड़ी में पहले दिन शहर के बिंद टोली स्थित बाबा सिद्धनाथ मंदिर परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें मंदिर के महंत मन्टु बाबा, शाहाबाद इकाई के चेयरमैन सह राष्ट्रीय पर्यावरण समिति के सदस्य रमाकांत सिन्हा, शाहाबाद इकाई की कोषाध्यक्ष श्वेता कुमारी, शाहाबाद इकाई के पर्यावरण समिति के चेयरमैन कमलेश कुमार सिंह, डाॅ. प्रमोद कुमार रमण, डाॕ. कृष्ण कुमार (पत्रकार), निशीकांत कुमार, नीली रानी एवं अन्य सदस्यगण उपस्थित थे।
तत्पश्चात शहर के कतीरा स्थित सूधा डेयरी परिसर में सूधा डेयरी एवं यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया शाहाबाद इकाई के द्वारा संयुक्त रूप में वृक्षारोपण कार्य किया गया। वृक्षारोपण कार्यक्रम में आम, जामुन, आंवला, बेल, शरीफा, अमरूद इत्यादि पौधो का रोपण किया गया। इस मौके पर सूधा डेयरी के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सुमन ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण को संतुलित रखने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक-एक पेड़ लगाना चाहिए।
शाहाबाद इकाई के पदाधिकारी एवं सदस्यों के अतिरिक्त शाहाबाद दुग्ध उत्पादन समिति के अध्यक्ष अजय कुमार, आरा सूधा डेयरी के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सुमन, ब्रज भूषण चौधरी, नन्द जी सिंह, सुबोध कुमार, एस.एस. श्रीवास्तव, श्वेता, पुनीता, शिखा, सीमा एवं सेफाली इत्यादि उपस्थित रहे। शाहाबाद इकाई के चेयरमैन रमाकांत सिन्हा ने बताया कि 6 जून (शनिवार) को बिहिया स्थित सूधा डेयरी परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
05 June 2026, Arrah : अपने-अपने घरों में कम से कम पांच-पांच पौधा लगाने का लिया संकल्प

- छात्र-छात्राओं द्वारा पर्यावरण से संबंधित चित्रकला का किया गया अद्भूत प्रदर्शन
- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर संभावना आवासीय उच्च विद्यालय में कार्यक्रम का हुआ आयोजन
आरा के शान्ति स्मृति संभावना आवासीय उच्च विद्यालय, शुभ नारायण नगर, मझौवाँ, आरा के परिसर स्थित जुबली हॉल में “विश्व पर्यावरण दिवस-2026” कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के निदेशक डॉ. कुमार द्विजेन्द्र और प्राचार्या डॉ. अर्चना सिंह की उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की छात्राओं द्वारा पर्यावरण गीत “पेड़ नहीं होंगे तो सोचो तुम कैसे जी पाओगे” से किया गया। तत्पश्चात विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा पर्यावरण से संबंधित चित्रकला का अद्भूत प्रदर्शन किया गया।
बच्चों द्वारा निर्मित इस चित्रकला में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण आदि से संबंधित मानकों को दर्शाने की कोशिश की गई। इस पेन्टिंग में विद्यालय के लगभग 50-60 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। साथ ही, छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण पर अपने विचार भी प्रस्तुत किया।
छात्र-छात्राओं तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं ने पर्यावरण दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों में कम से कम पांच-पांच पौधा लगाने का संकल्प लिया। पर्यावरण दिवस के इस अवसर पर विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण का कार्यक्रम हुआ, जिसमें विद्यालय की प्राचार्या, निर्देशक, शिक्षक एवम् छात्र-छात्रा शामिल हुए। कार्यक्रम में उपस्थित सभी के द्वारा पर्यावरण को बचाने का संकल्प लिया गया। संचालन विद्यालय के वरीय शिक्षक अरविन्द ओझा द्वारा किया गया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर संगोष्ठी का आयोजन

आरा शहर के रमना पकड़ी रोड स्थित आनंद हॉस्पिटल के सभागार में विश्व पर्यावरण दिवस पर एक संगोष्ठी का आयोजन हुआ। अध्यक्षता डॉ. के.एन. सिन्हा (पूर्व अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी भोजपुर, सह जिलाध्यक्ष चिकित्सा प्रकोष्ठ भाजपा) ने की। संगोष्ठी में मुख्य अतिथि अमित कुमार सूमन (मैनेजिंग डायरेक्टर, सुधा डेयरी) थे।
सभा को संबोधित करते हुए डॉ. सिन्हा ने कहा कि आज विश्व पर्यावरण की रक्षा बहुत ही महत्वपूर्ण है। बढ़ती जनसंख्या आबादी एवं गांव के शहरीकरण के कारण पेड़-पौधे काफी कट रहे हैं, जिससे पर्यावरण का असंतुलन हो रहा है। पेड़ हमारे लिए बहुत ही जरूरी है, ये हमें ऑक्सीजन देते हैं, छाया देते हैं और फल देते हैं। आज के दिन हम सभी को जहां-जहां हो सके अधिक से अधिक पेड़ों को लगाना चाहिए और अन्य महत्वपूर्ण पारिवारिक मौके पर भी पौधारोपण जरूर करना चाहिए।
मुख्य अतिथि अमित कुमार सूमन ने भी पर्यावरण की पेड़ पौधे के महत्व को समझाया। इनके द्वारा सुधा डेयरी कैंपस में भी करीब 20 घने व फलों के पेड़ लगाए गए। इस अवसर पर दीपक कुमार अकेला जी ने भी अपने विचार रखे। संगोष्ठी में मुख्य रूप से डॉ. कुमार, भोजपुर जिला शतरंज संघ के सचिव प्रो. सैफ थे।
शाहपुर नगर पंचायत में वृक्षारोपण

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शाहपुर नगर पंचायत परिसर स्थित पार्क में वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर वार्ड पार्षद संजय चतुर्वेदी, मनोज पासवान, अंकित पांडेय, मुन्ना प्रसाद, नगर कर्मी सुशील कुमार,अखिलेश कुमार, शैलेश कुमार,प्रिंस कुमार आदि उपस्थित रहे। वही पूर्व उपचेयरमैन गुप्तेश्वर साह के द्वारा फलदार वृक्ष लगाया गया। मौके पर पत्रकार विकास पांडेय, नसीम शाह,राजेश साह आदि उपस्थित रहे।

