SP Raj spoke: संदिग्धों और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए सघन ‘रोको-टोको अभियान’ चलाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश।
- हाइलाइट:
- विजिबल पुलिसिंग के तहत चौक-चौराहों पर पुलिस पदाधिकारियों व बल की होगी तैनाती
- पुलिस-पब्लिक समन्वय को मजबूत करने के लिए सभी थानों को कम्युनिटी पुलिसिंग करने का निर्देश
- मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी के दौरान बोले एसपी-राज
आरा। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में शनिवार को मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसका नेतृत्व पुलिस अधीक्षक राज ने किया। मैराथन चली गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस पदाधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी के दौरान जिले में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण तथा शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण बनाए रखने हेतु विभिन्न संवेदनशील बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक द्वारा थानेवार अपराध विश्लेषण करते हुए गंभीर कांडों के त्वरित निष्पादन, लंबित वारंट/कुर्की-जब्ती के मामलों में तेजी लाने और चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विशेष पुलिस गश्ती व निगरानी बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए गए।
साथ ही, पुलिस-पब्लिक समन्वय को मजबूत करने के लिए सभी थानों को कम्युनिटी पुलिसिंग करने, विजिबल पुलिसिंग के तहत जिले के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस पदाधिकारियों व बल की मुस्तैद तैनाती करने तथा संदिग्धों और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए सघन ‘रोको-टोको अभियान’ चलाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
मासिक अपराध गोष्ठी के दौरान सदर एसडीपीओ-वन राज कुमार साह, सदर एसडीपीओ-टू रंजीत कुमार सिंह, पीरो डीएसपी स्नेह सेतू, जगदीशपुर एसडीओपी पंकज मिश्रा, ट्रैफिक डीएसपी मनोज कुमार सुधांशु, मुख्यालय डीएसपी मनोज कुमार, नगर थानाध्यक्ष देवराज राय, नवादा थानाध्यक्ष बिपिन बिहारी, मुफस्सिल थानाध्यक्ष राम कल्याण यादव एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहें।






