Koilwar Thana: एक देशी रायफल, एक कारतूस, लूटी गई रकम का हिस्सा, पीड़ित का आधार कार्ड और मोबाइल चार्जर बरामद
- हाईलाइट: Koilwar Thana
- पुलिस ने 48 घंटे के अंदर लूट कांड का किया खुलासा
- सदर एसडीपीओ -2रंजीत कुमार सिंह ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी
आरा। भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र में तीन दिन पूर्व होटल कारोबारियों के साथ हुई फायरिंग और लूटपाट का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस कांड में संलिप्त दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक देशी रायफल, एक कारतूस, लूटी गई रकम में से 25 सौ रुपये नकद, पीड़ित का आधार कार्ड और मोबाइल चार्जर बरामद हुआ।
इसकी जानकारी रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सदर एसडीपीओ -2 रंजीत कुमार सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि 16 जुलाई की रात होटल कारोबारी अरविंद कुमार, अभिषेक कुमार और बबलू कुमार पर छह नकाबपोश अपराधियों ने फायरिंग करते हुए करीब 40 हजार रुपये नकद, सोने की चेन तथा अन्य सामान लूट लिया था।
घटना के बाद कोईलवर थाना में कांड दर्ज कर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सबसे पहले कोईलवर वार्ड संख्या दो निवासी नरेश प्रसाद के पुत्र मुन्ना कुमार राय को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके घर से एक देशी रायफल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
तत्पश्चात टीम ने कोईलवर नगर पंचायत वार्ड नंबर- 8 बनपर टोली निवासी उमेश साहनी के पुत्र अभिषेक कुमार उर्फ मोदी को धर दबोचा। उसके पास से लूटी गई रकम में से 2,500 रुपये, पीड़ित का आधार कार्ड और मोबाइल चार्जर बरामद हुआ।
Koilwar Thana : आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की
एसडीपीओ श्री सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उन्होंने खुलासा किया कि घटना में दो अन्य आरोपी रेकी कर रहे थे, जबकि बाकी अपराधियों ने लूट और फायरिंग की घटना को अंजाम दिया। पुलिस सभी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसडीपीओ ने बताया कि कांड के सफल उद्भेदन में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पुरी तरह सतर्क है।

