Homeबिहारआराआरा में बेकाबू टोटो ने सगी बहन समेत तीन को रौंदा, छोटी...

आरा में बेकाबू टोटो ने सगी बहन समेत तीन को रौंदा, छोटी बहन की मौत

Arrah: आरा नगर निगम के समीप सोमवार की सुबह बेकाबू टोटो ने सगी बहन समेत तीन को रौंद दिया। हादसे में छोटी बहन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

  • हाइलाइट: Arrah
  • आक्रोशित लोगों ने मुआवजा की मांग को लेकर किया रोड जाम और आगजनी
  • पुलिस ने शव का सदर अस्पताल में कराया पोस्टमार्टम
  • शहर के नगर निगम के समीप सोमवार की सुबह घटी घटना

आरा। शहर के टाउन थाना क्षेत्र के नगर निगम के समीप सोमवार की सुबह बेकाबू टोटो ने सगी बहन समेत तीन को रौंद दिया। हादसे में छोटी बहन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि बड़ी बहन समेत दो लोग जख्मी हो गए। दोनों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया। घटना को लेकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

वहीं घटना के बाद चालक टोटो लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद परिजन व स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा। गुस्साए लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर नगर निगम स्थित तीन मुहानी पर शव को रख रोड जाम कर दिया और टायर जलाकर आगजनी की। करीब दो घंटे जाम होने से सड़क के तीनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई एवं आवागमन पूरी तरह ठप्प रहा।

सूचना पाकर आरा सीओ एवं टाउन थानाध्यक्ष देवराज राय पुलिस बल के साथ को घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। सीओ द्वारा बीस हजार रुपये का चेक तत्काल पारिवारिक लाभ के तहत दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया।

जानकारी के अनुसार मृत बच्ची टाउन थाना क्षेत्र के नगर निगम वार्ड नंबर-10 निवासी घुरफेकन डोम की 4 वर्षीया पुत्री ममता कुमारी है। जबकि जख्मियों में मृत बच्ची की बड़ी बहन सोनी कुमारी एवं उसी मोहल्ले के निवासी साधु राम की पत्नी सह मृत बच्ची की मौसी क्रांति देवी शामिल है।

इधर, क्रांति देवी ने बताया कि वह नगर निगम के समीप घर के बाहर खाना बना रही थी। वही पर सोनी कुमारी एवं उसकी छोटी बहन ममता खाना खा रही थी। इस दौरान बेकाबू टोटो ने उन्हें रौंद दिया। जिससे सभी जख्मी हो गई। गंभीर हालत में परिजन द्वारा ममता कुमारी को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक ने देख उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं जख्मी उसकी बड़ी बहन सोनी कुमारी एवं मौसी क्रांति देवी का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया।

Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi

Most Popular