Homeबिहारआराआरा जंक्शन: इंजन समेत तीन बोगियां पटरी से उतरीं

आरा जंक्शन: इंजन समेत तीन बोगियां पटरी से उतरीं

Ara Junction Derail: आरा रेलवे स्टेशन के पास बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। महानंदा एक्सप्रेस डिरेल हो गई। हादसे में ट्रेन का इंजन, एसएलआर और एच-1 बोगी बेपटरी गई।

  • हाइलाइट: Ara Junction Derail
  • बडी घटना टली: महानंदा एक्सप्रेस की इंजन समेत तीन बोगियां पटरी से उतरीं
  • आरा जंक्शन के समीप रविवार की सुबह घटी घटना
  • ऑन द स्पॉट एडीआरएम के नए स्टेशन प्रबंधक को किया सस्पेंड
  • घटना को लेकर जांच शुरू, जांचोपरांत दोषियों पर होगी कार्रवाई

आरा। दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड पर रविवार सुबह आरा रेलवे स्टेशन के पास बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो से करीब 200 मीटर की दूरी पर अप लाइन में 15483-अलीपुरद्वार जंक्श-दिल्ली महानंदा एक्सप्रेस डिरेल हो गई। हादसे में ट्रेन का इंजन, एसएलआर और एच-1 बोगी बेपटरी गई। हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।

हालांकि, सुबह के समय हुई इस घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वही रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव एवं मरम्मत कार्य में जुट गये।

जानकारी के अनुसार महानंदा एक्सप्रेस रविवार की सुबह करीब 4 बजकर 12 मिनट पर आरा जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची थी। यहां से ट्रेन को दिल्ली की ओर रवाना होना था। बताया जा रहा है कि ट्रेन के परिचालन के दौरान किसी तकनीकी समस्या के कारण उसका सिग्नल सासाराम लाइन की ओर चला गया। इसके बाद ट्रेन आगे बढ़ी और स्टेशन से करीब 200 मीटर की दूरी पर अप लाइन में डिरेल हो गई।

इंजन के साथ एसएलआर और एच-1 कोच के पटरी से उतरने के बाद रेलवे कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। रेलवे कर्मचारियों ने राहत कार्य करते हुए पटरी से उतरी तीनों बोगियों को दोबारा ट्रैक पर चढ़ाया। घटना के बाद रेल परिचालन प्रभावित होने की सूचना है। रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंचकर ट्रैक और सिग्नल सिस्टम की जांच में जुटी है।

रेलवे अधिकारी पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं कि सिग्नल सासाराम लाइन की ओर क्यों गया और इसी वजह से ट्रेन गलत दिशा में कैसे चली गई।रेलवे की ओर से परिचालन सामान्य करने के लिए युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के कारणों और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

वही स्टेशन प्रबंधक एन.के. राय ने बताया कि ड्राइवर की लापरवाही से हादसा हुआ है। मेन लाइन के सिग्नल को देखकर ट्रेन को चालू किया गया। इसके बाद इंजन से दो बोगी पटरी से उतर गई। वही प्रबंधक ने बताया कि उन्हें ऑन द स्पॉट एडीआरएम के द्वारा सस्पेंड कर दिया गया है। प्रबंधक ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद से ही हम मौके पर मौजूद थे। राहत बचाव कार्य के साथ सभी यात्रियों को सुरक्षित ट्रेन में बैठाये, उसके बाद अपने सभी संबंधित अधिकारियों को सूचना दी।

Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi

Most Popular