Illegal arms trafficking gang: नगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मीरगंज स्थित चाय नगरी दुकान में छापेमारी कर अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री और तस्करी के आरोप में चार युवकों को गिरफ्तार किया। उनके पास से एक देशी कट्टा बरामद हुआ।
- हाइलाइट:
- चाय नगरी दुकान में पुलिस ने की छापेमारी, चार गिरफ्तार
आरा। नगर थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री और तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा बरामद किया है।
इस संबंध में एसपी अवधेश दीक्षित ने प्रेस नोट जारी कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंगलवार को नगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मीरगंज स्थित सुधा डेयरी बूथ के सामने चाय नगरी दुकान में चार युवक अवैध देशी कट्टा लेकर बैठे हैं और उसकी खरीद-बिक्री करने वाले हैं।
सूचना के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मीरगंज स्थित चाय नगरी दुकान पहुंचकर मौके की विधिवत घेराबंदी की। पुलिस की घेराबंदी देखकर वहां मौजूद चारों युवक भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि, सशस्त्र बल के सहयोग से पुलिस ने सभी को मौके पर ही पकड़ लिया।
Illegal arms trafficking gang : प्राथमिकी दर्ज
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बड़का डुमरा गांव निवासी प्रभात कुमार के पुत्र प्रियांशु कुमार, नगर थाना क्षेत्र के भलुहीपुर मोहल्ला निवासी दीपक साह के पुत्र ईशु कुमार, मगहिया टोली निवासी रिंकू सिंह के पुत्र देव कुमार और रामगढ़िया निवासी संजय चौधरी के पुत्र आर्यन कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने गिरफ्तार चारों युवकों की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी कट्टा बरामद हुआ। बरामद हथियार के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
इस मामले में गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

