Tuesday, October 20, 2026
No menu items!
Home आरा भोजपुर बिहिया बिहिया में रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान हादसा, दो की मौत

बिहिया में रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान हादसा, दो की मौत

Bihiya Railway tracks - बिहिया में रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान हादसा, दो की मौत
बिहिया में रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान हादसा, दो की मौत

Bihiya Railway tracks: बिहिया में रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान हुए दो अलग-अलग दर्दनाक हादसों में एक बुजुर्ग और एक युवा मजदूर की जान चली गई।

  • हाइलाइट:Bihiya Railway tracks
  • ट्रेन की चपेट में आने से इंग्लिशपुर गांव के एक बुजुर्ग की मौत
  • ट्रेन की चपेट में आने वैशाली जिले के एक मजदूर की मौत

आरा। भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र में रविवार का दिन अमंगलकारी साबित हुआ, जब रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान हुए दो अलग-अलग दर्दनाक हादसों में एक बुजुर्ग और एक युवा मजदूर की जान चली गई। इन दोनों घटनाओं ने न केवल दो हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ दिया, बल्कि स्थानीय क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ा दी है। रेलवे पटरियों की पार करने की जल्दबाजी और असावधानी किस तरह जीवन पर भारी पड़ सकती है, इन दोनों घटनाओं ने इसे एक बार फिर से बेहद दर्दनाक तरीके से साबित कर दिया है।

दिन की पहली दुर्घटना पंडित दीनदयाल उपाध्याय-दानापुर रेलखंड पर बिहिया रेलवे स्टेशन से आगे सूर्य मंदिर के पास रविवार की दोपहर को घटी। यहां एक 65 वर्षीय बुजुर्ग नॉन स्टॉप ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहिया थाना क्षेत्र की कटेया पंचायत के इंग्लिशपुर गांव के वार्ड संख्या एक निवासी स्व. छटू दुसाध के पुत्र बिहारी दुसाध के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुजुर्ग सूर्य मंदिर की तरफ से रेलवे ट्रैक पार करके कटेया रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान आरा से बक्सर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार नॉन स्टॉप ट्रेन आ गई और वह उसकी चपेट में आ गए।

बिहारी दुसाध के जीवन संघर्ष की कहानी बेहद मार्मिक थी। वह उम्र के इस पड़ाव पर भी तीन पहिया ठेला चलाकर मजदूरी करते थे और इसी से अपने पूरे परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में तीन बेटे और तीन बेटियां हैं, जिनमें से दो बेटों की शादी हो चुकी है। घर के मुखिया की इस आकस्मिक और दर्दनाक मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने के बजाय आपसी सहमति से शव को सीधे अपने घर लेकर चले गए।

Bihiya Railway tracks : दूसरी दुर्घटना में मजदूर की मौत

रविवार के दिन ही बिहिया में हुई दूसरी दुर्घटना ने एक और परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। यह हादसा भी उसी रेलखंड पर बिहिया रेलवे स्टेशन से आगे बने रेल ओवरब्रिज के समीप रविवार की सुबह ही पेश आया। इस बार एक मेहनतकश मजदूर ट्रेन की गति का शिकार बन गया। मृतक की पहचान वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के माई गांव निवासी मुसाफिर राय के 40 वर्षीय पुत्र अजय राय के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अजय राय बिहिया नगर में अपने भाई संजय राय की ससुराल में रहकर मजदूरी और पलदारी का काम करता था। वह सूर्य मंदिर के समीप ही रहता था और अपनी मेहनत की कमाई से अपने परिवार का पेट पालता था। रविवार की सुबह वह केला का घवद लेकर रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। उसी वक्त दानापुर से नई दिल्ली जाने वाली नॉन स्टॉप स्पेशल ट्रेन संख्या 04089 तेज गति से गुज़र रही थी। ट्रैक पार करने की इस प्रक्रिया में वह ट्रेन की चपेट में आ गया और टक्कर इतनी भयानक थी कि उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस हादसे से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राजा बाजार के दुकानदारों तथा अन्य मजदूरों के बीच शोक का माहौल छा गया।

घटना की सूचना मिलते ही बिहिया जीआरपी पोस्ट के प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। रेल पुलिस ने स्थिति का जायजा लेते हुए शव को अपने कब्जे में लिया। मृतक के परिजनों को इस अनहोनी की सूचना दी गई, जिसके बाद उनके पहुंचने पर पुलिस ने औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, आरा भेज दिया।