Homeआरा भोजपुरकोइलवरभांजे की हत्या का बदला: विशुनपुर में बुजुर्ग की रॉड से पीटकर...

भांजे की हत्या का बदला: विशुनपुर में बुजुर्ग की रॉड से पीटकर मार डाला

Vishunpur News: चांदी थाना क्षेत्र में वारदात, बुजुर्ग की पत्नी गंभीर रूप से घायल; मुख्य आरोपित गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त लोहे का रॉड बरामद

  • हाइलाइट:
  • विशुनपुर के 72 वर्षीय बसंत सिंह की रॉड से पीटकर हत्या।
  • मृतक की 65 वर्षीय पत्नी कुसुम देवी गंभीर रूप से घायल।
  • पुलिस ने मुख्य आरोपित रामाशंकर सिंह को गिरफ्तार किया।

आरा। भोजपुर जिले के चांदी थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव में सोमवार की दोपहर प्रतिशोध में एक बुजुर्ग की लोहे के रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हमले में उनकी पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई।

मृतक की पहचान विशुनपुर गांव निवासी 72 वर्षीय बसंत सिंह के रूप में हुई है। उनकी पत्नी 65 वर्षीय कुसुम देवी का इलाज आरा सदर अस्पताल में चल रहा है। गंभीर चोटों के कारण बसंत सिंह ने दम तोड़ दिया, जबकि कुसुम देवी की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Vishunpur News: भांजे की हत्या के प्रतिशोध में हमला

सदर एसडीपीओ-2 रंजीत कुमार सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे प्रतिशोध की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपित रामाशंकर सिंह के भांजे शांतनु सिंह की 16 अक्टूबर की रात पवना बाजार में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

शांतनु सिंह अजीमाबाद थाना क्षेत्र के बड़गांव गांव का रहने वाला था। इस हत्याकांड में बसंत सिंह के नाती अश्वनी सिंह उर्फ मोलू को आरोपित बनाया गया था। पुलिस ने अश्वनी उर्फ मोलू को गिरफ्तार किया था।

पुलिस का कहना है कि भांजे शांतनु की हत्या से नाराज रामाशंकर सिंह ने विशुनपुर गांव में बसंत सिंह और उनकी पत्नी कुसुम देवी पर लोहे के रॉड से हमला कर दिया। हमले में बसंत सिंह की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

आरोपित गिरफ्तार, रॉड बरामद

घटना की सूचना मिलते ही चांदी थानाध्यक्ष सुमीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित रामाशंकर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में प्रयुक्त लोहे का रॉड भी बरामद किया गया है।

पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi

Most Popular