Homeबिहारआराआरा में रिश्वत लेते पंचायत सचिव रंगेहाथ गिरफ्तार, बीडीओ पर भी जांच...

आरा में रिश्वत लेते पंचायत सचिव रंगेहाथ गिरफ्तार, बीडीओ पर भी जांच की आंच

Panchayat secretary: शिकायतकर्ता ने बताया कि जन्म प्रमाण पत्र बनाने के एवज में प्रखंड विकास पदाधिकारी के नाम पर 20,000 रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।

  • हाइलाइट: Panchayat secretary
    • पंचायत सचिव जितेंद्र प्रसाद 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार
    • विशेष निगरानी इकाई टीम ने मंगलवार की दोपहर की कार्रवाई
    • जन्म प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर पंचायत सचिव ने मांगी थी रिश्वत
    • चंपारण निवासी नवीन कुमार सिंह ने पंचायत सचिव के खिलाफ की थी शिकायत
    • विशेष निगरानी इकाई टीम के उपाधीक्षक बोले: अनुसंधान के उपरांत बीडीओ पर कार्रवाई

आरा, बिहार: विशेष निगरानी इकाई की टीम ने मंगलवार को आरा सदर प्रखंड कार्यालय में एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए पंचायत सचिव जितेंद्र प्रसाद को 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। यह राशि जन्म प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर मांगी जा रही थी। जानकारी के अनुसार, आरोपी जितेंद्र प्रसाद शेखपुरा जिले के शेखपुरा थाना क्षेत्र के कुसुम्मा गांव निवासी जयराम प्रसाद के पुत्र हैं। वह आरा सदर प्रखंड की दौलतपुर पंचायत में पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत थे और पिरौटा पंचायत के भी प्रभार में थे। निगरानी टीम ने उन्हें सदर प्रखंड कार्यालय परिसर से दोपहर में दबोचा।

पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के गौरे गांव निवासी नवीन कुमार सिंह ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। इधर, नवीन कुमार सिंह ने बताया की उनके संबंधी, मीना कुमारी, जो मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव निवासी देव कुमार सिंह की पत्नी हैं, के द्वारा जन्म प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया गया था। मीना कुमारी का मायका मथवलिया गांव में है। 11 सितंबर 2025 को जन्म प्रमाण पत्र बनाने हेतु शपथ पत्र पंचायत सचिव जितेंद्र प्रसाद को दिया गया था, जिसे 4 अक्टूबर को आरा सदर प्रखंड कार्यालय में रिसीव भी कराया गया था। तभी से पंचायत सचिव जितेंद्र प्रसाद मीना कुमारी से 20,000 रुपये की रिश्वत की मांग कर रहे थे। रिश्वत न देने के कारण विगत चार महीनों से जन्म प्रमाण पत्र बनाने में लगातार टालमटोल किया जा रहा था।

लगातार परेशान किए जाने के बाद, नवीन कुमार सिंह ने सोमवार को विशेष निगरानी इकाई टीम को पंचायत सचिव जितेंद्र प्रसाद के खिलाफ लिखित आवेदन दिया। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए, विशेष निगरानी इकाई टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का सत्यापन किया और सत्यता पाए जाने पर मंगलवार को आरा सदर प्रखंड कार्यालय पहुंची। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर पंचायत सचिव जितेंद्र प्रसाद को 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।

विशेष निगरानी इकाई टीम के उपाधीक्षक चंद्रभूषण ने इस संबंध में बताया कि उन्हें मोतिहारी निवासी नवीन कुमार सिंह से पंचायत सचिव जितेंद्र प्रसाद के खिलाफ लिखित शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि जन्म प्रमाण पत्र बनाने के एवज में प्रखंड विकास पदाधिकारी के नाम पर 20,000 रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। पंचायत सचिव ने यह भी कहा था कि पूरी राशि वह स्वयं नहीं लेंगे, इसमें से प्रखंड विकास पदाधिकारी को भी देना पड़ता है। उपाधीक्षक चंद्रभूषण ने पुष्टि की कि अनुसंधान के उपरांत प्रखंड विकास पदाधिकारी पर भी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi
- Advertisment -
खबरे आपकी : Latest News in Hindi, Breaking News, हिंदी न्यूज़
खबरे आपकी : Latest News in Hindi, Breaking News, हिंदी न्यूज़

Most Popular