Bhojpur Police appeals: भोजपुर पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म पर पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट करने का वायरल वीडियो को भ्रामक बताया गया है।
- हाइलाइट: Bhojpur Police appeals
- पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट के वायरल वीडियो को पुलिस ने बताया भ्रामक
- यूपी प्रयागराज के वीडियो को भरत एनकाउंटर से जोड़ कर किया जा रहा वायरल
आरा। भोजपुर पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म पर पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट करने का वायरल वीडियो को भ्रामक बताया गया है। भोजपुर पुलिस का कहना है कि यूपी के प्रयागराज के वीडियो को बिलौटी गांव निवासी भरत भूषण तिवारी के एनकाउंटर से जोड़ कर सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है।
कहा जा रहा है कि भरत भूषण तिवारी का एनकाउंटर करने वाले पुलिस कर्मियों पर जनता का भारी गुस्सा। भोजपुर पुलिस की ओर से शनिवार को प्रेस बयान जारी कर कहा गया है कि इस वीडियो का भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर से कोई संबंध नहीं है। पुलिस के अनुसार वीडियो उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का है।
पुलिस की ओर से आम नागरिकों से इस तरह के भ्रामक वीडियो को शेयर नहीं करने की अपील की गयी है। कहा गया है कि किसी तरह के अफवाहों पर ध्यान नहीं दें और क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बहाल रखने में सहयोग करें।
बता दें कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोगों द्वारा एक वाहन सवार पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट करते देखा जा रहा है। वीडियो में मारपीट की घटना को भरत भूषण तिवारी एनकांउटर करने वाले पुलिस कर्मियों पर जनता का भारी गुस्सा बताया जा रहा है।















