Homeबिहारआराचेहल्लुम एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर ब्रीफिंग, डीएम ने दिए निर्देश

चेहल्लुम एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर ब्रीफिंग, डीएम ने दिए निर्देश

  • हाइलाइट: Briefing
    • 169 दंडाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी तथा भारी संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति
    • जुलूस एवं मंदिर मार्गों की विशेष साफ-सफाई और सड़कों की मरम्मत के निर्देश

आरा। समाहरणालय सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में चेहल्लुम एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्वों के अवसर पर शांति एवं विधि व्यवस्था बनाए रखने तथा दोनों समुदायों के बीच आपसी समरसता को प्रोत्साहित करने हेतु प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ ब्रीफिंग (Briefing) आयोजित की गई।

जिला प्रशासन द्वारा विधि व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था संधारण के लिए कुल 169 दंडाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी तथा भारी संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। ब्रीफिंग के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि चेहल्लुम का पर्व 14 एवं 15 अगस्त 2025 को तथा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व 16 अगस्त 2025 को मनाया जाएगा।

चेहल्लुम के अवसर पर मुस्लिम समुदाय के लोग ग़म मनाते हैं, कुरान पाठ करते हैं तथा कुछ स्थानों पर मोहर्रम की भांति ताजिया-निशान के साथ जुलूस भी निकाले जाते हैं। वहीं, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन हिंदू समुदाय के लोग देर रात तक मंदिरों में पूजा-अर्चना एवं उत्सव कार्यक्रम आयोजित करते हैं, जिससे मंदिरों एवं सड़कों पर भीड़ रहती है और कई स्थानों पर भगवान श्रीकृष्ण की मूर्तियां भी स्थापित की जाती हैं।

जिलाधिकारी ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि दोनों पर्वों के दौरान असामाजिक, शरारती, सांप्रदायिक, कट्टरपंथी एवं अफवाह फैलाने वाले तत्वों पर कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही, सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर सतत पुलिस गश्ती, विसर्जन/पहलम जुलूस में डी.जे. एवं लाउडस्पीकर पर सरकारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन, जुलूस की अनिवार्य वीडियोग्राफी तथा आगे-पीछे एस्कॉर्ट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जुलूस एवं मंदिर मार्गों की विशेष साफ-सफाई और सड़कों की मरम्मत के निर्देश नगर आयुक्त, नगर निगम, सभी कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत एवं नगर परिषद को दिए गए। मंदिर मार्गों पर विद्युत तारों की जांच एवं मरम्मत कराने का निर्देश कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल आरा एवं जगदीशपुर को दिया गया।

पर्व के दौरान सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, अनुमंडलीय अस्पताल, रेफरल अस्पताल एवं सदर अस्पताल, आरा में जीवनरक्षक दवाएं, पैरामेडिकल स्टाफ, चिकित्सक एवं एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश सैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी भोजपुर को दिया गया।

विधि व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था संधारण के लिए जिला नियंत्रण कक्ष का गठन किया गया है, जिसका दूरभाष संख्या 06182-248702 है। इस ब्रीफिंग में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

RAVI KUMAR
RAVI KUMAR
बिहार के भोजपुर जिला निवासी रवि कुमार एक भारतीय पत्रकार है एवं न्यूज पोर्टल खबरे आपकी के प्रमुख लोगों में से एक है।
- Advertisment -
खबरे आपकी : Latest News in Hindi, Breaking News, हिंदी न्यूज़
खबरे आपकी : Latest News in Hindi, Breaking News, हिंदी न्यूज़

Most Popular