Homeबिहारआरा भोजपुरहर्ष फायरिंग में घायलों में दुकानदार की मौत, हंगामा और रोड जाम

हर्ष फायरिंग में घायलों में दुकानदार की मौत, हंगामा और रोड जाम

  • आरोपितों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर उतरे लोग
  • कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के गुंडी मोड़ के पास आक्रोशित लोगों ने की सड़क जाम
  • टायर जलाकर किया गया प्रदर्शन, पुलिस के खिलाफ नारेबाजी
  • आरा-सरैयां रोड पर करीब पांच घंटे तक बाधित रहा आवागमन
  • बारात में फायरिंग और हत्या के विरोध में बंद रहा सरैयां बाजार
  • एएसपी के ठोस कार्रवाई के आश्वासन के बाद शांत हुआ लोगों का गुस्सा
  • वीडियो फुटेज के आधार पर गोली मारने वालों को किया जा रहा चिन्हित

Dhobahan Harsh Firing Story/Bihar/Ara: भोजपुर के मुफस्सिल थाने के धोबहां गांव में सोमवार की रात बारात में फायरिंग के दौरान घायलों में एक युवक की मौत हो गयी। इलाज के लिए पटना ले जाने के दौरान रास्ते में उसने रात में ही दम तोड़ दिया। मृतक कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के सरैया गांव निवासी स्व. शिवजी साह का 48 वर्षीय पुत्र विंध्याचल प्रसाद था। वह बैट्री दुकानदार था उसकी आरा के पुरानी पुलिस लाइन में दुकान है। वहीं दूसरा जख्मी सुशील कुमार कलवार उर्फ धनु का इलाज आरा में चल रहा है।

इधर, विंध्याचल की मौत की खबर मिलते ही गांव के लोग आक्रोशित हो उठे। हत्यारों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर लोग मंगलवार की सुबह सात बजे ही सड़क पर उतर गये। शव के साथ गुंडी मोड़ के समीप रोड जाम कर दिया गया। टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया गया। पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गयी। इससे आरा-सरैयां मार्ग पर करीब पांच घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।

इधर, हत्या के विरोध में पूरा सरैयां बाजार भी बंद रहा सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष ब्रजेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच लोगों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन लोग डीएम-एसपी को बुलाने और हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। बाद में एसपी के निर्देश पर एएसपी हिमांशु पहुंचे और समझा कर लोगों के गुस्से को शांत कराया। उन्होंने घटना में शामिल लोगों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। उसके बाद दोपहर करीब 12 बजे आवागमन बहाल किया जा सका। तब धोबहां ओपी प्रभारी सुशांत कुमार की देखरेख में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

एसपी प्रमोद कुमार ने बताया की दो लोगों पर फायरिंग करने का आरोप लगाया जा रहा है। शादी की वीडियो फुटेज से फायरिंग करने वालों की पहचान की जा रही है। इसके लिए कुछ वीडियो जब्त किए गये हैं। कुछ लोगों को डिटेन किया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। गोली चलाने वालों को चिन्हित भी कर लिया गया हैं। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शादी समारोह में हर्ष फायरिंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है।

Dhobahan Harsh Firing Story-दरवाजा पूजा के दौरान चली थी गोलियां, इलाज के दौरान गयी जान

बताया जा रहा है कि सरैया गांव निवासी स्व. जीतेंद्र प्रसाद सोनी के पुत्र विक्की सोनी की बारात मुफस्सिल के धोबहा गांव निवासी सुनील कुमार प्रसाद के घर गयी थी। देर शाम दरवाजा पूजा की तैयारी चल रही थी। विंध्याचल प्रसाद और सुशील कुमार कलवार सहित अन्य बाराती खड़े थे। उसी दौरान अचानक फायरिंग की जाने लगी। उसमें विंध्याचल प्रसाद को छाती और सुशील कुमार कलवार उर्फ धनु को जांघ में लग गई। उससे अफरातफरी और बारात में भगदड़ मच गयी। बाद में दोनों घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए आरा के एक निजी अस्पताल में लाया गया। वहां प्राथमिक उपचार करने के बाद विंध्याचल प्रसाद की हालत देख पटना रेफर कर दिया गया। लेकिन पटना ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गयी। उसके बाद परिजन शव लेकर सीधे गांव चले गए।

भाई बोले: हर्ष फायरिंग नहीं, दो लोग गोली मार भाग गए
इधर, मृत विंध्याचल प्रसाद के भाई सहित अन्य बाराती हर्ष फायरिंग की घटना से इनकार कर रहे हैं। बारातियों द्वारा दो लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया जा रहा है। विंध्याचल प्रसाद के भाई गुप्तेश्वर प्रसाद उर्फ भालू प्रसाद ने बताया कि बरात देखने आये दो लड़कों द्वारा अचानक गोली मार दी गयी। उसके बाद दोनों भाग गये। हालांकि मृतक कै भाई सहित अन्य बारातियों द्वारा घटना का कारण नहीं बताया जा रहा है। इधर, डीजे बजाने के विवाद होने की बात भी कही जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। बहरहाल पुलिस हर एंगल से छानबीन कर रही है।

हत्या के बाद दुकानदार के घर में कोहराम, तीन बच्चों से छीना पिता का प्यार
Dhobahan Harsh Firing Story: दूसरों की खुशी में शरीक होने गये सरैया गांव निवासी दुकानदार विंध्याचल प्रसाद हर्ष फायरिंग के शिकार बन गया। उसमें उनकी मौत हो गयी, जिससे उनके घर में कोहराम मच गया। उनकी मौत से जहां पत्नी का सुहाग उजड़ गया, वहीं तीन बच्चों से पिता का प्यार छीन गया। पति के वियोग में गुड़िया देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं मां पार्वती कुंअर भी बेहाल थी। इधर, घर की महिलाओं की चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो उठा। बताया जा रहा है कि दुकानदार दो भाइयों में छोटा था। उनको एक पुत्र कार्तिक कुमार (8) दो पुत्री नैंसी कुमारी (6) और श्रेया कुमारी (4) है।

Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi
- Advertisment -
खबरे आपकी : Latest News in Hindi, Breaking News, हिंदी न्यूज़
खबरे आपकी : Latest News in Hindi, Breaking News, हिंदी न्यूज़

Most Popular