Examination centers: जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया एवं पुलिस अधीक्षक राज ने संयुक्त रूप से इंटरमीडिएट परीक्षा के सुचारू, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
- हाइलाइट:
- जिले के कुल 39 परीक्षा केंद्रों पर हो रही इंटर की परीक्षा
- अगामी 13 फरवरी तक दो पालियों में आयोजित होगी इंटर की परीक्षा
- डीएम और एसपी ने संयुक्त रूप से परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
Examination centers: बिहार इंटरमीडिएट वार्षिक (सैद्धांतिक) परीक्षा मंगलवार को दूसरे दिन भी पूरी तरह से शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त माहौल में सम्पन्न हुई। यह परीक्षा आगामी 13 फरवरी तक लगातार जारी रहेगी। परीक्षा के सुचारू संचालन को लेकर जिले में कुल 39 परीक्षा केंद्रों का गठन किया गया है, जहां पर परीक्षा दो पालियों में संचालित की जा रही है।
प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से शुरू होकर दोपहर 12:45 बजे तक चलती है, जबकि द्वितीय पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक संपन्न होती है। परीक्षा के दौरान स्वच्छ, कदाचारमुक्त वातावरण और शांतिपूर्ण व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्टैटिक दंडाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर तैनात दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी और पुलिस बल ने प्रवेश द्वार पर सभी परीक्षार्थियों की सघन तलाशी कर उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया, ताकि किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि को रोका जा सके। इस बीच, जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया एवं पुलिस अधीक्षक राज ने संयुक्त रूप से इंटरमीडिएट परीक्षा के सुचारू, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने हित नारायण क्षत्रिय उच्च विद्यालय, नवादा तथा राजकीय कन्या उच्च विद्यालय, नवादा स्थित परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा संचालन की गुणवत्ता, कक्षों की व्यवस्था, वीक्षकों की उपस्थिति तथा परीक्षार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का विस्तारपूर्वक अवलोकन किया। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं केंद्राधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचार मुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए कड़ी हिदायत दी।
वहीं, पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रतिनियुक्त पुलिस बल को सतर्क एवं मुस्तैद रहते हुए परीक्षा केंद्रों की कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा कदाचार की स्थिति उत्पन्न नही हो।


