Government Bus Stand: विधायक राकेश रंजन ओझा ने हाल ही में बिहार विधानसभा के सत्र के दौरान शून्य काल में इस महत्वपूर्ण जनहित के विषय को प्रभावी ढंग से उठाया था।
- हाइलाइट:Government Bus Stand
- विधायक की पहल पर सरकार ने दिए निर्देश
- नगर में सरकारी जमीन का चिह्नीकरण शुरू
आरा। जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक राकेश रंजन ओझा के प्रयासों से शाहपुर नगर में बहुप्रतीक्षित सरकारी बस स्टैंड के निर्माण की दिशा में सकारात्मक प्रगति के पत्र जारी की गई है। स्थानीय निवासियों और दैनिक यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही इस समस्या को देखते हुए विधायक ने इसे प्राथमिकता के आधार पर सरकार के समक्ष रखा था। वर्तमान में व्यवस्थित बस स्टैंड न होने के कारण यात्रियों को प्रतिदिन काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है और सड़क पर ही वाहनों के अनियंत्रित पड़ाव से जाम की स्थिति बनी रहती है।
विधायक राकेश रंजन ओझा ने हाल ही में बिहार विधानसभा के सत्र के दौरान शून्य काल में इस महत्वपूर्ण जनहित के विषय को प्रभावी ढंग से उठाया था। उन्होंने सदन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया था कि शाहपुर एक प्रमुख व्यावसायिक और आवागमन का केंद्र है, जहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में यात्रियों का आना-जाना होता है। एक व्यवस्थित बस स्टैंड के अभाव में विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को असुरक्षित और असुविधाजनक परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।
पढ़ें:- बस स्टैंड के अभाव में शाहपुर एनएच-84 पर प्रतिदिन अस्त-व्यस्त होती है यातायात
विधायक द्वारा उठाए गए इस सवाल पर त्वरित संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार ने सकारात्मक रुख अपनाया है। सरकार की ओर से नगर विकास एवं आवास विभाग को इस संबंध में औपचारिक पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने और बस स्टैंड निर्माण हेतु प्रक्रिया शुरू करने के दिशा-निर्देश दिए गए हैं। सरकार के इस कदम से क्षेत्र के विकास और बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की नई उम्मीद जगी है।
राज्य सरकार के निर्देशों के आलोक में शाहपुर नगर पंचायत ने भी अपनी प्रशासनिक सक्रियता बढ़ा दी है। नगर पंचायत प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नगर क्षेत्र में बस स्टैंड के निर्माण के लिए उपयुक्त सरकारी जमीन का चिह्नीकरण कार्य शुरू कर दिया गया है। जमीन उपलब्ध होते ही आगे की तकनीकी प्रक्रिया और निर्माण कार्य की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
Government Bus Stand – शाहपुर थाने के ठीक सामने स्वास्थ्य विभाग की है रिक्त भूमि
इधर, शाहपुर नगर पंचायत के स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शाहपुर थाने के ठीक सामने स्थित स्वास्थ्य विभाग की एक बड़ी भूमि वर्तमान में अनुपयोगी पड़ी है, जिस पर स्थानीय छोटे दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया है। स्थानीय निवासियों का मानना है कि यदि स्वास्थ्य विभाग इस रिक्त भूमि को बस स्टैंड निर्माण हेतु हस्तांतरित कर देता है, तो शाहपुर में लंबे समय से व्याप्त बस स्टैंड की समस्या का स्थाई निराकरण संभव हो सकेगा।


