Javaniya Shahpur: भोजपुर में गंगा कटाव निरोधी कार्यों का जायजा: जल संसाधन सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह ने दिए तेजी से कार्य पूर्ण करने के निर्देश
- हाइलाइट: Javaniya Shahpur
- निरीक्षण के उपरांत डॉ. चन्द्रशेखर सिंह ने दिए स्पष्ट निर्देश
- मानसून की संवेदनशीलता को देखते हुए कार्यों में तेजी लाई जाए
- एक माह के भीतर कटाव निरोधी कार्यों को पूर्ण करने का निर्देश
पटना। जल संसाधन विभाग लगातार संवेदनशील क्षेत्रों में बाढ़ सुरक्षा और कटाव निरोधी कार्यों को प्राथमिकता दे रहा है। इसी क्रम में, जल संसाधन विभाग, बिहार के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह ने गुरुवार को भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड अंतर्गत उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे जवैनिया गाँव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गंगा नदी के तट पर चल रहे कटाव निरोधी कार्यों का गहन स्थल निरीक्षण किया और प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
जवनिया गाँव में निरीक्षण के दौरान सचिव ने न केवल चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को परखा, बल्कि स्थानीय ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद भी स्थापित किया। ग्रामीणों ने गंगा नदी के निरंतर कटाव से उत्पन्न चुनौतियों और चिंताओं को सचिव के समक्ष रखा। वहीं, वर्तमान में हो रहे कटाव निरोधी एवं संरक्षण कार्यों को लेकर ग्रामीणों ने सुझाव और फीडबैक साझा किए।
Javaniya Shahpur: कटाव के खतरे से बचाने के लिए युद्धस्तर पर काम
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, गंगा नदी के दाहिने तट पर स्थित जवैनिया (दमोदरपुर पंचायत) गंगापुर, भुसौला और नन्दपुर गाँवों को कटाव के खतरे से बचाने के लिए युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है। कुल 1200 मीटर की लंबाई में संचालित इस महत्वाकांक्षी परियोजना की प्रशासनिक स्वीकृति 52.56 करोड़ रुपये है।
निरीक्षण के उपरांत डॉ. चन्द्रशेखर सिंह ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मानसून की संवेदनशीलता को देखते हुए कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए अगले एक माह के भीतर कटाव निरोधी कार्यों को पूर्ण कर लिया जाए।
सचिव ने अभियंताओं और संवेदकों को यह स्पष्ट किया कि निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और समय-सीमा के भीतर कार्य संपन्न करना अनिवार्य है। निरीक्षण के दौरान जगदीशपुर एसडीएम संजीत कुमार, एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा, विभाग के वरीय अभियंता, कार्यपालक अभियंता सहित अन्य विभागीय पदाधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




