Homeशाहपुरबिलौटीशाहपुर में महापंचायत आज : भरत तिवारी के लिए कुंडवा शिव में...

शाहपुर में महापंचायत आज : भरत तिवारी के लिए कुंडवा शिव में न्याय की गूंज

Mahapanchayat at Kundwa Shiv: सामाजिक कार्यकर्ता भरत भूषण तिवारी के कथित एनकाउंटर मामले में न्याय की मांग को लेकर बाबा कुंडेश्वर नाथ मंदिर परिसर में सर्व समाज की ओर से एक भव्य महापंचायत और श्रद्धांजलि सभा का आयोजन आज।

  • हाइलाइट: Mahapanchayat at Kundwa Shiv
  • भरत भूषण तिवारी कथित एनकाउंटर मामला

आरा। भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड के अंतर्गत आने वाले बिलौटी गांव में आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील है। सामाजिक कार्यकर्ता भरत भूषण तिवारी के कथित एनकाउंटर मामले में न्याय की मांग को लेकर बाबा कुंडेश्वर नाथ मंदिर परिसर में सर्व समाज की ओर से एक भव्य महापंचायत और श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया है।

Mahapanchayat at Kundwa Shiv: न्याय की मांग और भावी रणनीति

इस महापंचायत का मुख्य उद्देश्य भरत भूषण तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित करना और उनके परिवार को न्याय दिलाने के लिए एक ठोस रणनीति तैयार करना है। आयोजन में स्थानीय स्तर के साथ-साथ राज्य और राष्ट्रीय स्तर की कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों के पहुंचने की संभावना है। आयोजकों का मानना है कि जब तक इस मामले की निष्पक्ष और उच्च-स्तरीय जांच नहीं होती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। आज की सभा में इस बात पर मंथन किया जाएगा कि आंदोलन को किस दिशा में आगे बढ़ाया जाए ताकि दोषियों को कड़ी सजा मिल सके।

NH-922 फोरलेन के समीप कुंडवा शिव मंदिर

आयोजन की महत्ता को देखते हुए शाहपुर में भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है। बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश से भी बड़ी संख्या में लोगों के आने की सूचना है। इसे देखते हुए आयोजकों ने व्यापक प्रबंध किए हैं। NH-922 फोरलेन के समीप स्थित कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं। क्षेत्र में पिछले कई दिनों से जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है, जिसका असर यह है कि आमजन इस मुद्दे को लेकर एकजुट नजर आ रहे हैं।

घटना के छह दिन बाद प्राथमिकी दर्ज

भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामला काफी समय से सुर्खियों में है। घटना के छह दिन बाद आखिरकार पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। कांड संख्या 178/26 के तहत दर्ज इस प्राथमिकी में बीएनएस की धारा 103 (1) (5) और आर्म्स एक्ट के गंभीर प्रावधान जोड़े गए हैं। इस मामले में जगदीशपुर के एसडीपीओ राजेश शर्मा, शाहपुर के निलंबित थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजेश मालाकार और अन्य पुलिसकर्मियों को नामजद किया गया है।

प्राथमिकी के अनुसार, भरत भूषण की मां ने आरोप लगाया है कि उन्हें जवइनिया कटाव पीड़ित विस्थापितों की समस्या जानने के बहाने ले जाकर सुनियोजित तरीके से गोली मार दी गई। आरोप यह भी है कि जगदीशपुर के एसडीपीओ के प्रत्यक्ष आदेश पर उन्हें पांच गोलियां मारी गईं। वर्तमान में भोजपुर पुलिस ने इस गंभीर कांड की जांच का जिम्मा इंस्पेक्टर संजीव कुमार को सौंपा है।

घटनाक्रम का संक्षिप्त विवरण

बता दें कि इस पूरे मामले की शुरुआत 16 जून की शाम को हुई थी, जब सोशल मीडिया पर भरत भूषण का एक वीडियो काफी तेजी से वायरल होने लगा, शाहपुर पुलिस उनके घर पहुंची थी। उस समय पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार, भरत ने पिस्टल तान दी थी, जिसके बाद पुलिस उन्हें मानसिक रूप से अस्वस्थ मानकर वापस लौट आई थी। लेकिन 17 जून की सुबह स्थिति ने दुखद मोड़ ले लिया। पुलिस का दावा है कि भरत ने फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई पुलिस कार्रवाई में उन्हें गोली लगी और अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। हलाकी, कथित एनकाउंटर का वीडियो वायरल हो गया जिसमे भरत ने पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया था।

RAVI KUMAR
RAVI KUMAR
बिहार के भोजपुर जिला निवासी रवि कुमार एक भारतीय पत्रकार है एवं न्यूज पोर्टल खबरे आपकी के प्रमुख लोगों में से एक है।

Most Popular