HomeNewsजम्मू-कश्मीर हादसे में भोजपुर के जवान हरेराम वीरगति को प्राप्त, गांव में...

जम्मू-कश्मीर हादसे में भोजपुर के जवान हरेराम वीरगति को प्राप्त, गांव में शोक

Nathmalpur: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को हुए एक दर्दनाक हादसे में बिहार रेजीमेंट के नायक हरेराम कुंवर वीरगति को प्राप्त हो गए।

jay kumar
  • हाइलाइट: Nathmalpur
    • भोजपुर का जवान हरेराम कर्तव्य का निर्वहन करते वीरगति को हुआ प्राप्त
    • बड़हरा थाना क्षेत्र के नथमलपुर गांव का रहने वाले थे जवान हरेराम

आरा। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को हुए एक दर्दनाक हादसे में बिहार रेजीमेंट के नायक हरेराम कुंवर वीरगति को प्राप्त हो गए। उनके शहादत की सूचना मिलते ही भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड अंतर्गत नथमलपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई और मातमी सन्नाटा पसर गया। यह खबर सुनकर गांव के लोगों की आंखें नम हो गईं।

38 वर्षीय नायक हरेराम कुंवर ने गुरुवार सुबह ही अपनी मां शांति देवी से मोबाइल पर बातचीत कर घर-परिवार का हालचाल लिया था। इसके बाद उन्होंने ड्यूटी पर निकलने की बात कही थी। किसी को यह अंदाजा नहीं था कि यह उनकी आखिरी बातचीत होगी। कुछ ही घंटों बाद उनके बलिदान की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। परिवारजनों के अनुसार, शहीद जवान का पार्थिव शरीर शुक्रवार देर शाम तक दानापुर पहुंचेगा, जिसके बाद उसे पैतृक गांव नथमलपुर लाया जाएगा। शनिवार को बड़हरा के महुली गंगा घाट पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

गौरतलब है कि गुरुवार को डोडा जिले के भद्रवाह-चंबा सड़क मार्ग पर खन्नी टॉप के पास सेना का एक बुलेटप्रूफ वाहन लगभग 200 फुट गहरी खाई में गिर गया था। यह वाहन आतंकवाद विरोधी अभियान के लिए अपनी पोस्टिंग पर जा रहे जवानों को ले जा रहा था। इस दुखद हादसे में कुल 10 जवान वीरगति को प्राप्त हो गए, जबकि 11 घायल हुए हैं। शहीदों में बिहार रेजीमेंट के कई जवान शामिल हैं, जिनमें भोजपुर के नायक हरेराम कुंवर का नाम भी सम्मिलित है। हादसे के तुरंत बाद सेना और पुलिस ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी शवों को खाई से बाहर निकाला।

Bijay singh
Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi

Most Popular