Homeराजनीतजनता परिवर्तन चाहती है, शाहपुर में कमल चाहती है - राकेश ओझा

जनता परिवर्तन चाहती है, शाहपुर में कमल चाहती है – राकेश ओझा

Rakesh Ojha – Shahpur MLA: शाहपुर विधायक पर सीधा हमला बोलते हुए राकेश ओझा ने पिछले 10 सालों की “उपलब्धियों” पर तीखी टिप्पणी की।

jay kumar
  • हाइलाइट: Rakesh Ojha – Shahpur MLA
    • शाहपुर विधायक ने विश्वेश्वर ओझा के हत्यारों को अपना स्टार प्रचारक बनाया
    • राकेश ओझा के बयानों से शाहपुर विधानसभा क्षेत्र चुनाव में राजनीतिक पारा चढ़ा

शाहपुर, भोजपुर: भोजपुर जिले की शाहपुर विधानसभा सीट पर आगामी चुनावों को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी राकेश ओझा ने मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए दावा किया कि शाहपुर की जनता अब एक सकारात्मक परिवर्तन चाहती है और इस बार विधानसभा में कमल खिलने को तैयार है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह क्षेत्र की जनता की प्रबल इच्छा और आवाज है।

ओझा ने अपने बयान में वर्तमान क्षेत्रीय स्थिति पर गहरा असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “अभी दो दिन की बारिश में ही क्षेत्र का ऐसा कोई गांव नहीं बचा, जहां आसानी से चला जा सके। हर गली कीचड़ से भरी हुई है और सड़कें चलने योग्य नहीं बची हैं।” उन्होंने इस स्थिति को मौजूदा विधायक के 10 साल के कार्यकाल की विफलता का प्रमाण बताया।

स्थानीय विधायक पर सीधा हमला बोलते हुए राकेश ओझा ने पिछले 10 सालों की “उपलब्धियों” पर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि “उनकी दो-चार उपलब्धियां जरूर हैं, जिसमें सबसे प्रमुख रूप से, मेरे पिताजी, स्वर्गीय विश्वेश्वर ओझा की हत्या है।” गवाह कमल किशोर मिश्रा की हत्या, इसके अतिरिक्त, जवाइनिया गांव में 9 करोड़ रुपये का घोटाला, अपराधियों को संरक्षण देना और हत्यारों को अपना स्टार प्रचारक बनाना जैसी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि “इस तरह की उपलब्धियां उनकी हैं।”

ओझा ने आगे कहा कि शाहपुर क्षेत्र की जनता यह देख रही है कि वर्तमान विधायक गरीब जनता को डराने के लिए अपने साथ अपराधियों को लेकर चल रहे हैं। उन्होंने तस्वीरों का हवाला देते हुए कहा कि “उनके आसपास कोर्ट द्वारा सजाहाफ्ता क्रिमिनल्स घूम रहे हैं। यह गरीब जनता को डराने का प्रयास है, जैसा कि दिखा रहें हो अगर वोट गड़बड़ाया, तो हमारे दाएं-बाएं देख लीजिएगा।”

हालांकि, राकेश ओझा ने दृढ़ता से कहा कि शाहपुर की जनता निडर है। उन्होंने शाहपुर को “वीरों की धरती” बताते हुए कहा कि यहां की जनता डरने वाली नहीं है, चाहे अपराधी आएं या आतंकवादी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शाहपुर क्षेत्र की जनता हमेशा राष्ट्रवाद के लिए वोट करेगी और इस बार कमल को ही चुनेगी।

Bijay singh
Khabareapki
Khabareapki
Khabar Apki News Covers all Breaking News in Hindi

Most Popular