Homeबिहारआरा भोजपुरबिहिया-बिहटा स्टेट हाईवे पर हादसा, रिटायर शिक्षक समेत दो की मौत

बिहिया-बिहटा स्टेट हाईवे पर हादसा, रिटायर शिक्षक समेत दो की मौत

Sikarhata Accident: हादसे के बाद इनोवा कार चालक ने वाहन को भगाने की कोशिश की, लेकिन अनियंत्रित होकर कार बिजली के खंभे से टकरा गई और सड़क किनारे चाट में पलट गई।

  • हाइलाइट: Sikarhata Accident
  • बेलगाम कार ने साइकिल सवार रिटायर शिक्षक समेत दो को रौंदा

आरा। बिहिया-बिहटा स्टेट हाईवे पर सोमवार की दोपहर एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक सेवानिवृत्त शिक्षक समेत दो लोगों की जान चली गई। यह दुखद घटना सिकरहटा थाना क्षेत्र के सिकरहटा गांव के पास उस समय हुई, जब एक तेज रफ्तार इनोवा कार ने साइकिल सवार समेत दो व्यक्तियों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद इनोवा कार चालक ने वाहन को भगाने की कोशिश की, लेकिन अनियंत्रित होकर कार बिजली के खंभे से टकरा गई और सड़क किनारे चाट में पलट गई। हालांकि, मौके का फायदा उठाकर चालक वाहन छोड़कर फरार होने में कामयाब रहा। इस घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।

Sikarhata Accident : आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया

Sikarhata accident - बिहिया-बिहटा स्टेट हाईवे पर हादसा, रिटायर शिक्षक समेत दो की मौत

घटना से आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। लोग सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने और मृतकों के परिजनों के लिए उचित मुआवजे की मांग को लेकर शवों को सड़क पर रखकर धरने पर बैठ गए। इस प्रदर्शन के कारण स्टेट हाईवे पर करीब साढ़े तीन घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

सूचना मिलने पर सिकरहटा थानाध्यक्ष सनोज कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस की काफी मशक्कत और आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

मृतकों की पहचान सिकरहटा खुर्द गांव निवासी 72 वर्षीय रमजान अली और 30 वर्षीय जाबिर अंसारी उर्फ मुन्ना के रूप में हुई है। रमजान अली सेवानिवृत्त शिक्षक थे, जो वर्ष 2016 में मोआप कला स्थित उर्दू प्राथमिक विद्यालय से रिटायर हुए थे। वहीं, जाबिर अंसारी पेशे से एक मजदूर थे। इस घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।

KRISHNA KUMAR
KRISHNA KUMAR
बिहार के आरा निवासी डॉ. कृष्ण कुमार एक भारतीय पत्रकार है। डॉ. कृष्ण कुमार हिन्दी समाचार खबरें आपकी के संपादक एवं न्यूज पोर्टल वेबसाईट के प्रमुख लोगों में से एक है।

Most Popular