MLC By-election 2026: बिहार विधान परिषद् के भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र का उप निर्वाचन, 2026 को लेकर मतदान मंगलवार को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो गया।
- हाइलाइट: MLC By-election 2026
- बिहार विधान परिषद् उप चुनाव का मतदान शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न, 97.96 प्रतिशत हुई वोटिंग
- 98.24 प्रतिशत पुरुष तथा 97.72 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने किया वोटिंग
- सुबह 8 बजे से अपराह्न 4 बजे तक हुआ वोटिंग
- उप चुनाव को लेकर भोजपुर और बक्सर में बनाए गये थे कुल 25 मतदान केन्द्र
- छह प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटी में बंद, 14 मई को मतगणना
- राजकीय कन्या+2 उच्च विद्यालय, आरा में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच होगी मतगणना
आरा। बिहार विधान परिषद् के भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र का उप निर्वाचन, 26 को लेकर मतदान मंगलवार को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो गया। वोटिंग सुबह 8 बजे से अपराह्न 4 बजे तक हुआ। इस दौरान कुल 97.96 प्रतिशत मतदान हुआ। इसकी जानकारी भोजपुर जिलाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी तनय सुल्तानिया ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि मतदान सुबह 8 से अपराह्न 4 बजे तक संपन्न हुआ। भोजपुर और बक्सर जिले में कुल 25 मतदान केंद्र बनाए गए थे। सभी मतदान केन्द्रों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी के साथ सशस्त्र बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी। प्रत्येक प्रखंड में जोनल पदाधिकारी की ड्यूटी लगाई गई। इसके अलावे सुपर जोनल पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई थी, जो भ्रमणशील थे। प्रत्येक बूथ पर वीडियोग्राफी एवं बेवकास्टिंग की व्यवस्था की गई थी।
MLC By-election 2026 : भोजपुर-बक्सर मिलाकर कुल 6086 मतदाता थे
भोजपुर-बक्सर मिलाकर कुल 6086 मतदाता थे, जिसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 2832 तथा महिला मतदाताओं की संख्या 3254 थी। निवार्ची पदाधिकारी ने बताया कि अभी तक जो पीठासीन पदाधिकारी से रिपोर्ट प्राप्त हुआ है, उसके अनुसार दोनों जिले को मिलाकर कुल 97.96 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमें 98.24 प्रतिशत पुरुष तथा 97.72 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने मतदान किया।
मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हुआ। मतदान की प्रक्रिया समाप्ति के बाद मतपेटियों को राजकीय कन्या+2 उच्च विद्यालय, आरा में लाया जा रहा है। वहां पर भी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी के साथ सशस्त्र बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। मतगणना अगामी 14 मई को राजकीय कन्या+2 उच्च विद्यालय, आरा में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह आठ बजे से शुरु होगी।
छह प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटी में बंद
बिहार विधान परिषद उपचुनाव के मतदान को लेकर 6 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटी में बंद हो गया है। 14 मई को राजकीय कन्या+2 विद्यालय आरा में मतगणना होगी। जिसको लेकर मतगणना केंद्र पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। 14 मई को प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। उप चुनाव में कुल छह प्रत्याशी मैदान में हैं। जिसमें कन्हैया प्रसाद, पिता-राधाचरण साह, (जदयू), सोनु कुमार राय (राजद), कन्हैया प्रसाद पिता-राम लायक महतो (निर्दलीय), निरंजन कुमार राय (निर्दलीय), मनोज कुमार उपाध्याय (निर्दलीय) एवं लालू प्रसाद यादव (निर्दलीय) है।


