Sambhavna Students: दो दिवसीय कैंप में जंगल सफारी, ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों का करेंगे भ्रमण, श्रेष्ठ यात्रा-वृत्तांत लेखन पर मिलेगा पुरस्कार
हाइलाइट्स: Sambhavna Students
संभावना आवासीय उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राएं नेचर स्टडी कैंप के लिए वाल्मीकि टाइगर रिजर्व रवाना।
23 से 25 अक्टूबर तक चलेगा दो दिवसीय प्रकृति अध्ययन शिविर।
जंगल सफारी, त्रिवेणी घाट, कौलेश्वर नाथ मंदिर और वाल्मीकि आश्रम का करेंगे भ्रमण।
छात्रों को यात्रा के बाद यात्रा-वृत्तांत लिखना होगा।
सर्वश्रेष्ठ तीन यात्रा-वृत्तांतों को किया जाएगा सम्मानित।
आरा: शहर के मझौंवा स्थित संभावना आवासीय उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं का दल नेचर स्टडी कैंप में भाग लेने के लिए वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के लिए रवाना हुआ। यूथ हॉस्टल एसोसिएशन ऑफ इंडिया, शाहाबाद इकाई एवं संभावना आवासीय उच्च विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह दो दिवसीय प्रकृति अध्ययन शिविर 23 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है।
कैंप में विद्यालय की प्राचार्या डॉ. अर्चना सिंह, आर्ट टीचर संजीव सिन्हा, स्पोर्ट्स टीचर कन्हैया सिंह एवं निशा कुमारी बच्चों के साथ शामिल हैं।
प्राचार्या डॉ. अर्चना सिंह ने बताया कि वाल्मीकि टाइगर रिजर्व गंडक नदी के तट पर स्थित प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर क्षेत्र है, जिसे बिहार का कश्मीर भी कहा जाता है। यह महर्षि वाल्मीकि की तपोभूमि और लव-कुश की जन्मस्थली के रूप में भी प्रसिद्ध है।
नेचर स्टडी कैंप के दौरान छात्र-छात्राएं भैंसालोटन पर्यटन स्थल, जंगल सफारी, कौलेश्वर नाथ मंदिर, जटाशंकर मंदिर, नरदेवी मंदिर, त्रिवेणी घाट, वाल्मीकि आश्रम, शीश महल तथा गजेंद्र मोक्ष धाम सहित कई महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण करेंगे।
Sambhavna Vidyalaya Students: सर्वश्रेष्ठ तीन यात्रा-वृत्तांतों को किया जाएगा सम्मानित
विद्यालय के निदेशक डॉ. कुमार द्विजेंद्र ने बताया कि इस कैंप का उद्देश्य बच्चों को पर्यटन के साथ-साथ प्रकृति, पर्यावरण एवं ऐतिहासिक विरासत के बारे में व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि भ्रमण से लौटने के बाद विद्यार्थियों को तीन दिनों के भीतर अपना यात्रा-वृत्तांत लिखना होगा, जिसमें वे बताएंगे कि उन्होंने कैंप से क्या सीखा और उन्हें क्या प्रेरणा मिली।
उन्होंने बताया कि सर्वश्रेष्ठ तीन यात्रा-वृत्तांतों का चयन कर छात्रों को विशेष पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।








