Reels: भोजपुर साइबर थाने में अश्लील, हिंसक और जातिगत वैमनस्य को बढ़ावा देने वाले गानों पर रील्स बनाने वाले 45 से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट पर प्राथमिकी दर्ज की गई।
- हाइलाइट: Reels
- कट्टा, दोनाली, एके-47, गोलीबारी और जातिगत वर्चस्व को बढ़ावा देने वाले गीतों के प्रसार पर साइबर थाने की कार्रवाई
आरा। भोजपुर जिले में अश्लील, हिंसक, रंगदारी, हत्या, अवैध हथियार और जातिगत वर्चस्व व वैमनस्य को बढ़ावा देने वाले गीत तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। ऐसे गीतों को बैकग्राउंड ऑडियो के रूप में इस्तेमाल कर रील्स और वीडियो बनाने वाले 45 से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट के खिलाफ साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
प्राथमिकी साइबर थाना के सोशल मीडिया प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक निखिल राय के लिखित आवेदन के आधार पर दर्ज की गई है। पुलिस ने संबंधित सोशल मीडिया आईडी, गीत, लिंक, स्टूडियो, गायक और गीतकार से जुड़े विवरण के आधार पर कार्रवाई शुरू की है।
Reels: हथियारों और जातिगत तनाव को बढ़ावा देने का आरोप
प्राथमिकी के लिए दिए गए आवेदन के अनुसार, 17 नवंबर को सोशल मीडिया निगरानी के दौरान पुलिस के संज्ञान में गंभीर और चिंताजनक तथ्य आए। आरोप है कि भोजपुर-आरा क्षेत्र से जुड़े कुछ स्थानीय भोजपुरी गायक, गीतकार, रिकॉर्डिंग स्टूडियो और इंस्टाग्राम व यूट्यूब अकाउंट के माध्यम से अश्लील, हिंसक और आपत्तिजनक गीत तैयार कर प्रसारित किए जा रहे थे।
इन गीतों में देशी कट्टा, दोनाली, एके-47, गोलीबारी, हत्या और रंगदारी जैसे विषयों को बढ़ावा देने वाली सामग्री का इस्तेमाल किए जाने की बात कही गई है। पुलिस के अनुसार, कुछ गीतों में जातिगत वर्चस्व और वैमनस्य को बढ़ावा देने वाले शब्दों और प्रसंगों का भी इस्तेमाल किया गया।
हथियार लहराते और धमकी वाले वीडियो अपलोड करने का आरोप
पुलिस के आवेदन में कहा गया है कि इन गीतों को बैकग्राउंड ऑडियो के रूप में इस्तेमाल कर विभिन्न इंस्टाग्राम अकाउंट से रील्स और वीडियो अपलोड किए जा रहे हैं। आरोप है कि इन वीडियो में संदिग्ध हथियार लहराने, लोगों को डराने-धमकाने और जातिगत तनाव भड़काने वाले दृश्य दिखाए जाते हैं।
पुलिस का कहना है कि इस तरह की सामग्री से जिले की लोक शांति और कानून-व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। साथ ही, युवाओं की मानसिकता पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ने और संज्ञेय अपराध की आशंका उत्पन्न होने की बात कही गई है।
सोशल मीडिया अकाउंट और संबंधित लोगों की जांच
साइबर थाना पुलिस ने आपत्तिजनक गानों और उनसे जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस संबंधित आईडी, वीडियो के लिंक, गीतों की सामग्री, रिकॉर्डिंग स्टूडियो, गायक और गीतकार की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस ने सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं को चेतावनी दी है कि आपत्तिजनक, हिंसक या जातिगत तनाव बढ़ाने वाली सामग्री तैयार कर उसे प्रसारित करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया निगरानी और तेज होगी
पुलिस की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आपत्तिजनक सामग्री की निगरानी तेज करने की बात कही गई है। साइबर थाना जिले में प्रसारित होने वाले ऐसे गीतों, रील्स और वीडियो की जानकारी जुटा रहा है, जिनसे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका हो।
पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी के साथ सामग्री साझा करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले वीडियो या गाने का प्रसार नहीं करने की अपील की है।


