Homeबिहारआरा भोजपुरपत्नी दिल्ली में... गांव के स्कूल में खिड़की से लटका मिला युवक...

पत्नी दिल्ली में… गांव के स्कूल में खिड़की से लटका मिला युवक का शव

  • विद्यालय की खिड़की से लटका मिला युवक का शव, सनसनी
  • परिजन ने आत्महत्या करने की जताई जा रही आशंका
  • पुलिस घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुटी
  • पुलिस ने शव का सदर अस्पताल में कराया पोस्टमार्टम
  • चौरी थाना क्षेत्र के बाबूबांध गांव स्थित उत्क्रमित मवि परिसर में रविवार की सुबह बरामद हुआ शव

Babubandh आरा: भोजपुर के चौरी थाना क्षेत्र के बाबूबांध गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में रविवार की सुबह एक युवक का शव बरामद हुआ। उसका शव विद्यालय की खिड़की से लटकता हुआ मिला। शव मिलते ही गांव एवं आसपास के इलाके में सनसनी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर चौरी थाना इंचार्ज कुमार रजनीकांत दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। परिजनो ने आत्महत्या की आशंका जताई है।

जानकारी के अनुसार मृतक चौरी थाना क्षेत्र के बाबूबांध (Babubandh) गांव निवासी दशरथ बैठा का 22 वर्षीय पुत्र अमित कुमार है। वह दिल्ली में अपनी पत्नी के साथ रहकर प्राइवेट जॉब करता था। वह कुछ माह पूर्व दिल्ली से वापस गांव आया था। उसकी पत्नी दिल्ली में ही रह रही है। वह अक्सर उत्क्रमित मध्य विद्यालय में जाकर मोबाइल पर किसी से बात करता रहता था। शनिवार की शाम करीब 4 बजे वह घर से मोबाइल पर बात करते हुए निकला था। देर शाम वह घर वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने काफी खोजबीन की। लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया।

रविवार की सुबह जब गांव के लोग स्कूल की ओर गए, तो उसका शव स्कूल की खिड़की से लटका हुआ मिला। सूचना पाकर मृतक के परिजन एवं पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस द्वारा बनाए गए मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार युवक की मौत फांसी लगने के कारण होना प्रतीत होता है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा।

इस मामले में पीरो एसडीपीओ राहुल सिंह ने ‘खबरें आपकी’ को बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। युवक अक्सर मोबाइल द्वारा किसी से बातचीत करता रहता था। छह माह पूर्व वह दिल्ली से वापस अपने गांव आया था। उसकी पत्नी दिल्ली में रहती है। जिसके कारण वह काफी परेशान चल रहा था। घटनास्थल से मिले मोबाइल और ईयर फोन देखने से ऐसा लगता है कि वह किसी से ऑनलाइन बात कर रहा था और वह कुछ दिखा रहा था। उसके मोबाइल का लॉक खोलने के बाद ही पूरा मामला स्पष्ट हो पाएगा। बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।

Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi
- Advertisment -
Bharat Ji Shahpur
School AD

Most Popular