Homeबिहारआरा भोजपुरपेट्रोल पंप पर लूटपाट कर भाग रहे दो अपराधियों को पुलिस ने...

पेट्रोल पंप पर लूटपाट कर भाग रहे दो अपराधियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Repura Sandesh News: भोजपुर के संदेश थाना क्षेत्र के रेपुरा स्थित पेट्रोल पंप से लूटपाट कर भाग रहे दो अपराधियों को पुलिस ने कुछ घंटों में ही कुटियारी गांव से गिरफ्तार कर लिया ।

jay kumar
  • हाइलाइट :-
    • पेट्रोल पंप कर्मी से लूटे गए पैसे में से 45 सौ रुपए बरामद
    • देसी पिस्टल, चार गोली, दो बाइक, एक मोबाइल बरामद

Repura Sandesh News आरा: भोजपुर के संदेश थाना क्षेत्र के रेपुरा स्थित पेट्रोल पंप से लूटपाट कर भाग रहे दो अपराधियों को पुलिस ने कुछ घंटों में ही गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से लूट के 45 सौ रुपए नगद, एक देसी पिस्टल, चार गोली, दो बाइक और एक मोबाइल भी बरामद किया गया है।

गिरफ्तार लुटेरों में संदेश थाना क्षेत्र के कुटियारी गांव निवासी राजा यदुवंशी और बक्सर के अरक गांव निवासी हर्ष कुमार शामिल हैं। दोनों को संदेश थाना क्षेत्र के कुटियारी गांव से गिरफ्तार किया गया है। इनमें हर्ष कुमार अपने ननिहाल संदेश थाना क्षेत्र के नसरतपुर गांव में रहता था। राजा यदुवंशी पूर्व से लूट और गोलीबारी में वांछित था। उसके खिलाफ आरा के नवादा और उदवंतनगर थाने में पहले से केस दर्ज हैं।

एसपी प्रमोद कुमार यादव की ओर से बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस कर यह जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि मंगलवार की रात करीब दस बजे दोनों रेपुरा स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक में तेल लेने गये थे। तेल देने के बाद पेट्रोल पंप कर्मी ने पैसे की मांग की, तो दोनों अपराधियों ने हथियार के बल पर कर्मी से 56 सौ रुपए लूट लिये। इसके बाद दोनों भाग निकले।

सूचना मिलने पर अपराधियों की गिरफ्तारी और रुपये की बरामदगी को लेकर एएसपी चंद्र प्रकाश के नेतृत्व में टीम गठित की गयी। टीम ने पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज से दोनों की पहचान की। इसके बाद लोकल इनपुट और तकनीकी जांच के जरिए दोनों को कुछ घंटें बाद कुटियारी गांव से गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से लूट में इस्तेमाल देसी पिस्टल, चार गोली, दो बाइक, एक मोबाइल और लूटे गए पैसे में से 45 सौ रुपए भी बरामद कर लिये गये।

उन्होंने बताया कि राजा यदुवंशी का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ नवादा थाने में आर्म्स एक्ट और उदवंतनगर थाने में लूट का केस दर्ज है। उसकी दोनों में तलाश थी। उसे इन कांडों में रिमांड भी किया जायेगा। हर्ष कुमार का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। टीम में संदेश थानाध्यक्ष अवधेश कुमार और दारोगा संजय कुमार यादव सहित आदि थे।

Bijay singh
Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi

Most Popular