Homeबिहारआरामॉडल टोला में मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित करने का डीएम ने...

मॉडल टोला में मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित करने का डीएम ने दिया निर्देश

आरा समाहरणालय सभागार में डीएम की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक

District Coordination Committee: आरा समाहरणालय सभागार में सोमवार को भोजपुर के जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई।

  • हाइलाइट: District Coordination Committee
    • जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया गया जोर।

आरा,बिहार। सोमवार को आरा समाहरणालय सभागार में भोजपुर के जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत डॉ. अंबेडकर समग्र सेवा अभियान के अंतर्गत आयोजित विशेष कैंप की विस्तृत समीक्षा से हुई। इस दौरान जिलाधिकारी ने जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के सभी पदाधिकारियों से फीडबैक प्राप्त किया।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि विभिन्न विभागों के अंतर्गत दी जा रही 22 सेवाओं के वितरण में तेजी लाई जाए एवं लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। प्रखंड विकास पदाधिकारियों से मॉडल टोला निर्माण की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई। साथ ही, संबंधित विभागों के नोडल पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए टोलों की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देशित किया कि विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित एनओसी मामलों का शीघ्र निष्पादन संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर किया जाए। बैठक में ‘महिला संवाद’ कार्यक्रम की प्रगति की भी समीक्षा की गई। डीपीएम, जीविका द्वारा बताया गया कि यह कार्यक्रम जिले के 1398 ग्राम संगठनों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है।

जिलाधिकारी ने महिला संवाद के दौरान प्राप्त सभी लंबित अपेक्षाओं के निष्पादन हेतु विभागीय समन्वय के साथ शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, उन्होंने शौचालय निर्माण कार्य में तेजी लाने एवं “हर घर नल का जल” योजना के तहत छूटे हुए घरों को जल्द से जल्द जोड़ने पर बल दिया।

जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारियों एवं राजस्व पदाधिकारियों को भूमिहीन परिवारों को पर्चा वितरण और भूमि उपलब्धता की प्रक्रिया शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अपर समाहर्ता को इन सभी बिंदुओं पर सतत अनुश्रवण (मानिटरिंग) सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सहायक निदेशक (दिव्यांगजन), डीआरडीए निदेशक, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पंचायती राज पदाधिकारी, नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

RAVI KUMAR
RAVI KUMAR
बिहार के भोजपुर जिला निवासी रवि कुमार एक भारतीय पत्रकार है एवं न्यूज पोर्टल खबरे आपकी के प्रमुख लोगों में से एक है।
- Advertisment -
Bharat Ji Shahpur
School AD

Most Popular