- हाइलाइट: Bootan Chowdhury arrested
- बिहार एसटीएफ की टीम ने मुंबई से किया गिरफ्तार
आरा,बिहार। भोजपुर जिले से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। कुख्यात अपराधी और 2 लाख रुपये का इनामी बदमाश बूटन चौधरी को बिहार एसटीएफ की टीम ने मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। बूटन चौधरी बिहार पुलिस के लिए लंबे समय से सिरदर्द बना हुआ था। वह काफी दिनों से फरार चल रहा था और पुलिस लगातार उसकी तलाश में लगी थी। आखिरकार विशेष जानकारी मिलने के बाद एसटीएफ ने कार्रवाई करते हुए मुंबई से उसे दबोच लिया।
बता दें की बूटन चौधरी आरा से सटे उदवंतनगर थाना क्षेत्र के बेलाउर गांव का रहने वाला है। उसके खिलाफ कई संगीन मामले दर्ज हैं और अपराध की दुनिया में उसका नाम कुख्यात अपराधियों की लिस्ट में शामिल रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी से कई पुराने मामलों की गुत्थी सुलझ सकती है। साथ ही इलाके में अपराध पर भी नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी। फिलहाल एसटीएफ टीम ने बूटन चौधरी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


