बिहिया रेल ओवरब्रिज के दोनों छोर पर बैरियर लगाने के दौरान मौजूद रेलकर्मियों ने बताया कि बैरियर की उंचाई साढ़े 11 फुट रखी गयी है, जिससे छोटे वाहनों का आवागमन फिलहाल चलता रहेगा।
- हाइलाइट:
- बिहिया रेल ओवरब्रिज के दोनों छोर पर लगाया बैरियर
- मरम्मत को लेकर बिहिया-बिहटा स्टेट हाईवे पर भारी वाहनों का आवागमन बंद
आरा,बिहार। बिहिया-बिहटा स्टेट हाईवे 102 पर बिहिया नगर स्थित रेल ओवरब्रिज पर रेल प्रशासन की ओर से शुक्रवार को ब्रिज के दोनों छोर पर लोहे का बैरियर लगा दिया गया। बैरियर लगाये जाने के बाद बिहिया-बिहटा स्टेट हाईवे पर बिहिया नगर स्थित आरओबी से गुजरने वाले भारी और बड़े वाहनों का आवागमन बंद हो गया है।
बैरियर लगाने के दौरान मौजूद रेलकर्मियों ने बताया कि बैरियर की उंचाई साढ़े 11 फुट रखी गयी है, जिससे छोटे वाहनों का आवागमन फिलहाल चलता रहेगा। बैरियर लगते ही बालू लदे ट्रकों का आवागमन ठप हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
बता दें कि दानापुर रेलमंडल के आरा-बक्सर रेलखंड पर बिहिया स्थित आरओबी के सुपर स्ट्रक्चर में दरार दिखने के बाद रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों ने आरओबी का निरीक्षण किया था और सुरक्षा को लेकर उसकी मरम्मत के लिए भारी वाहनों का आवागमन बंद करने के लिए जिला प्रशासन को पत्र लिखा था।
रेल प्रशासन के पत्र के आलोक में भोजपुर जिला प्रशासन ने आदेश जारी कर 27 अगस्त की मध्य रात्रि से आरओबी पर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी थी। उक्त आदेश के बाद ही रेल प्रशासन द्वारा आरओबी के दोनों छोर पर बैरिकेडिंग की गई है।


