Diul village भोजपुर: जन्मदिन पार्टी में हर्ष फायरिंग मामले में एक गिरफ्तार, हथियार-कारतूस जब्त, लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू
- हाइलाइट: Diul village
- जगदीशपुर थाना क्षेत्र के दिल गांव में पांच रोज पहले हुई थी हर्ष फायरिंग की घटना
- सोशल मीडिया पर फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
- फायरिंग में इस्तेमाल एनआरपी बोर की राइफल, 65 कारतूस और पांच खोखा बरामद
आरा,बिहार। भोजपुर जिला के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के दिउल गांव में एक जन्मदिन की पार्टी के दौरान हर्ष फायरिंग करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान फायरिंग में इस्तेमाल की गई एनआरपी राइफल, 65 जिंदा कारतूस और पांच मिस्ड फायर कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने राइफल का लाइसेंस भी जब्त कर लिया है और उसे रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान जगदीशपुर थाना के पिपरा गांव निवासी चंदेश्वर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद की गई, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक के आदेश पर जगदीशपुर थाने की पुलिस ने मंगलवार को त्वरित कार्रवाई की।
Diul village: राइफल का लाइसेंस जब्त
पुलिस अधीक्षक राज ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि 29 दिसंबर को उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से हर्ष फायरिंग का एक वीडियो प्राप्त हुआ था। वीडियो में दो व्यक्तियों को फायरिंग करते देखा जा रहा था। जांच में सामने आया कि यह वीडियो जगदीशपुर थाना क्षेत्र के दिउल गांव में आयोजित एक जन्मदिन की पार्टी का है। इसके उपरांत, फायरिंग करने वालों की पहचान की गई और एक आरोपित चंदेश्वर सिंह को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर हर्ष फायरिंग में इस्तेमाल की गई राइफल, 65 जिंदा कारतूस और पांच मिस्ड फायर गोलियां बरामद हुईं। साथ ही, राइफल का लाइसेंस भी जब्त कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बरामद राइफल का लाइसेंस रद्द करने का प्रस्ताव जिलाधिकारी को भेजा जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह लाइसेंसी राइफल जगदीशपुर प्रखंड के एक पंचायत प्रतिनिधि के पति की है। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


