Sahar accident: भोजपुर में दर्दनाक हादसा: बालू लदे ट्रक की चपेट में आने से किसान की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
- हाइलाइट: Sahar accident
- बालू लदे ट्रक ने बाइक सवार किसान को रौंदा, मौत
- मुआवजे की मांग को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने किया रोड जाम
- पुलिस ने शव का सदर अस्पताल में कराया पोस्टमार्टम
- सहार थाना क्षेत्र के सहार ब्लॉक के सामने मंगलवार की सुबह घटी घटना
आरा, बिहार। भोजपुर जिले के सहार थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक किसान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। आरा-अरवल मुख्य मार्ग पर सहार ब्लॉक के सामने बालू से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार को रौंद दिया, जिससे उनका सिर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। इस हादसे में मोटरसाइकिल चला रहा मृतक का चचेरा भाई मामूली रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, यह हृदय विदारक घटना मंगलवार सुबह उस समय हुई जब सहार थाना क्षेत्र के एकवारी गांव निवासी 50 वर्षीय किसान नरेंद्र सिंह अपने चचेरे भाई सोनू कुमार (40) के साथ मोटरसाइकिल से गैस सिलेंडर लेने सहार जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और घायल सोनू कुमार के चचेरे भाई सुभाष शर्मा के बयान के मुताबिक, जैसे ही वे सहार ब्लॉक के गेट के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे एक बालू लदे ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और ट्रक नरेंद्र सिंह को कुचलते हुए आगे बढ़ गया। इस घटना के तुरंत बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
Sahar accident: आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सहार ब्लॉक के पास सड़क जाम
इस हृदय विदारक घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। मुआवजे की मांग को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने आरा-अरवल मुख्य मार्ग पर सहार ब्लॉक के पास सड़क जाम कर दिया। इस जाम के कारण करीब डेढ़ घंटे तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप्प हो गया।
सूचना मिलने पर सहार थानाध्यक्ष दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम हटवाकर यातायात बहाल करवाया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है।
मृतक की पहचान सहार थाना क्षेत्र के एकवारी गांव निवासी हरे कृष्णा सिंह के पुत्र नरेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो पेशे से किसान थे। घायल सोनू कुमार उसी गांव के मधेश्वर शर्मा के पुत्र हैं। दोनों रिश्ते में चचेरे भाई लगते हैं। मृतक नरेंद्र सिंह अपने दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी किरण देवी, चार बेटियां नेहा कुमारी, निशा कुमारी, अमृता कुमारी, आभा कुमारी और एक बेटा रौशन कुमार है। घटना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी किरण देवी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।


