Thursday, February 19, 2026
No menu items!
Homeबिहारआरा भोजपुरभोजपुर के शाहपुर में ठंड लगने से 8 वर्षीय बालक की मृत्यु,...

भोजपुर के शाहपुर में ठंड लगने से 8 वर्षीय बालक की मृत्यु, परिजनों में कोहराम

Shlok Kumar Shahpur: नगर पंचायत शाहपुर के पूर्व उपचेयरमैन गुप्तेश्वर शाह ने आठ वर्षीय श्लोक कुमार की ठंड लगने से हुई मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया।

  • हाइलाइट:
    • कहा: नगर पंचायत द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था अविलंब की जानी चाहिए

आरा, बिहार: भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर-10 में मंगलवार की देर शाम एक हृदय विदारक घटना सामने आई, जहाँ घर के बाहर दरवाजे पर खेल रहे एक आठ वर्षीय बालक की आकस्मिक मृत्यु हो गई। परिजनों ने बालक की मृत्यु का कारण अचानक ठंड लगना बताया है।

Shlok Kumar Shahpur: श्लोक तीसरी कक्षा का छात्र था

Shlok Kumar Shahpur- भोजपुर के शाहपुर में ठंड लगने से 8 वर्षीय बालक की मृत्यु, परिजनों में कोहराम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक बालक की पहचान शाहपुर नगर पंचायत वार्ड-10 निवासी संजय धानुक के आठ वर्षीय पुत्र श्लोक कुमार के रूप में हुई है। श्लोक तीसरी कक्षा का छात्र था। मृतक बालक के दादा भरत धानुक ने बताया कि मंगलवार की देर शाम श्लोक घर के बाहर खेल रहा था, तभी वह अचानक गिर पड़ा। उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भरत धानुक ने अपने पोते की मृत्यु का कारण अचानक लगी अत्यधिक ठंड बताया है।

बताया जाता है कि श्लोक अपने चार भाइयों में तीसरे स्थान पर था। उसके परिवार में माँ चंद्रकला देवी के साथ तीन भाई अंकुश कुमार, विवेक कुमार और आदित्य कुमार हैं। इस दुखद घटना के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है। श्लोक की माँ चंद्रकला देवी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इधर, नगर पंचायत शाहपुर के पूर्व उपचेयरमैन गुप्तेश्वर शाह ने आठ वर्षीय श्लोक कुमार की ठंड लगने से हुई मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने स्थानीय नगर प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि वर्तमान शीतलहर और अत्यधिक ठंड को देखते हुए नगर पंचायत द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था अविलंब की जानी चाहिए। साथ ही, उन्होंने सभी वार्डों, विशेषकर गरीब और दलित बस्तियों के सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi
- Advertisment -
Bharat Ji Shahpur

Most Popular