Ara Bar Association Election: जिला बार एसोसिएशन के द्विवर्षीय चुनाव 2026-28 के लिए मतदान प्रक्रिया शनिवार को आरा सिविल कोर्ट परिसर स्थित अधिवक्ता हॉल में पूरी तरह से शांतिपूर्ण और स्वच्छ वातावरण में संपन्न हुई।
- हाइलाइट: Ara Bar Association Election
- 16 पदों के लिए 46 अधिवक्ता उम्मीदवार का भाग्य मतपेटी में बंद
- रविवार की सुबह साढ़े 10 बजे शुरू होगी मतगणना
आरा। जिला बार एसोसिएशन के द्विवर्षीय चुनाव 2026-28 के लिए मतदान प्रक्रिया शनिवार को सिविल कोर्ट परिसर स्थित अधिवक्ता हॉल में पूरी तरह से शांतिपूर्ण और स्वच्छ वातावरण में संपन्न हुई। चुनाव के दौरान अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
निर्वाची पदाधिकारी मनलाल सिंह के अनुसार, मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे शुरू हुई और शाम 4 बजे तक अनवरत जारी रही। मतदान के लिए परिसर में छह विशेष बूथ बनाए गए थे, जहां अधिवक्ता कतारबद्ध होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करते नजर आए। सुरक्षा की दृष्टि से मतदान केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से पूरी हो सके।

चुनाव के आंकड़ों पर नजर डालें तो कुल 2528 पंजीकृत मतदाता अधिवक्ताओं में से 1578 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। एसोसिएशन के कुल 25 पदों में से कुछ पदों पर परिणाम पहले ही स्पष्ट हो चुके हैं। इनमें उपाध्यक्ष पद पर महिला आरक्षित श्रेणी से आशा कुमारी और सहायक सचिव पद पर महिला आरक्षित श्रेणी से रम्भा कुमारी निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। साथ ही, कनीय कार्यकारिणी के 7 सदस्य भी निर्विरोध विजयी घोषित किए गए हैं।
शेष 16 पदों के लिए कुल 46 उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे, जिनका भाग्य अब मतपेटियों में बंद हो गया है। निर्वाची पदाधिकारी मनलाल सिंह ने स्पष्ट किया कि कुछ अपरिहार्य कारणों से मतों की गिनती रविवार की सुबह साढ़े 10 बजे शुरू की जाएगी। मतगणना के तुरंत बाद निर्वाचित उम्मीदवारों के नामों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
मतदान प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में निर्वाची पदाधिकारी और उनकी पूरी टीम ने सराहनीय भूमिका निभाई। अधिवक्ता समुदाय ने भी अनुशासन का परिचय देते हुए चुनाव को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग प्रदान किया। अब सभी की निगाहें रविवार को होने वाली मतगणना और नए पदाधिकारियों के चयन पर टिकी हैं।






