Ara station: दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड पर आरा स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर सासाराम पैसेंजर ट्रेन से गिरकर वित्त विभाग ऑडिटर की पत्नी की मौत हो गई।
- हाइलाइट: Ara station
- पुलिस ने शव का सदर अस्पताल में कराया पोस्टमार्टम
- आरा स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर गुरुवार की दोपहर घटी घटना
आरा। दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड पर आरा स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर सासाराम पैसेंजर ट्रेन से गिरकर वित्त विभाग ऑडिटर की पत्नी की मौत हो गई। घटना को लेकर लोगों के बीच अफरा-तफरी का आलम रहा। जानकारी के अनुसार मृतका रोहतास जिला के सासाराम थाना क्षेत्र के सासाराम गांव निवासी प्रमोद कुमार पासवान की 36 वर्षीया पत्नी सुभद्रा कुमारी है। वह पीएचडी फर्स्ट ईयर की छात्रा थी एवं आरा के कतीरा स्थित यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करती थी।
इधर, मृतका के रिश्ते में लग रहे भाई दीपक कुमार ने बताया कि वह शहर के कतीरा स्थित यूनिवर्सिटी में पीएचडी फर्स्ट ईयर का पढ़ाई कर रही थी और गुरुवार की सुबह वह सासाराम से क्लास करने के लिए यूनिवर्सिटी आई थी। गुरुवार की दोपहर क्लास करने के बाद घर वापस लौट के क्रम में आरा स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन से सासाराम पैसेंजर गाड़ी पर चढ़ रही थी। उसी दौरान ट्रेन से गिरकर उनकी मौत हो गई।
इसके बाद बोगी में मौजूद लोगों द्वारा इसकी सूचना उनके परिजनों को मिली। सूचना पाकर परिजन आरा स्टेशन पहुंचे। जिसके पश्चात पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया।
बताया जाता है कि मृतका को दो पुत्र सावन, यशवंत एवं एक पुत्री सोनाली है। मृतका के पति वित्त विभाग में ऑडिटर हैं एवं वर्तमान में गयाजी में कार्यरत है। घटना के बाद मृतका के घर में कोहराम मच गया है। इस घटना के बाद मृतक्का के परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।






