Dogs feeding site: आम लोगों की सुविधा और शिकायत निवारण के लिए शाहपुर नगर पंचायत द्वारा एक अस्थायी टोल-फ्री मोबाइल नंबर- 8083277636 भी जारी किया गया है।
- हाइलाइट: Dogs feeding site
- निराश्रित कुत्तों के संरक्षण और जनसुरक्षा हेतु नगर प्रशासन की महत्वपूर्ण पहल
- निराश्रित कुत्तों को भोजन कराने के लिए विशेष रूप से स्थान (फीडिंग प्वाइंट) चिन्हित
आरा, 29 जनवरी। शाहपुर नगर पंचायत क्षेत्र में निराश्रित कुत्तों के संरक्षण, देखभाल और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु माननीय सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुरूप ठोस कदम उठाए गए हैं। पशु कल्याण और नागरिक सुरक्षा को लेकर नगर पंचायत द्वारा निराश्रित कुत्तों को भोजन कराने के लिए विशेष रूप से स्थान (फीडिंग प्वाइंट) चिन्हित किए गए हैं।
इस पहल के तहत, नगर पंचायत द्वारा सभी वार्डों में कम से कम एक-एक स्थल को निराश्रित कुत्तों के लिए ‘भोजनालय’ के रूप में चयनित किया गया है। इन निर्धारित स्थलों की पहचान के लिए वॉल पेंटिंग भी कराई गई है। इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य यह है कि डॉग लवर्स और आम नागरिक निराश्रित कुत्तों को केवल इन चिन्हित स्थलों पर ही भोजन कराएं, जिससे सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्था उत्पन्न न हो और स्वच्छता बनी रहे।
नगर पंचायत शीघ्र ही इस कार्य हेतु संबंधित एजेंसी के साथ करार करने की तैयारी में है। इस एजेंसी के माध्यम से विभिन्न वार्डों से आवारा कुत्तों को पकड़ा जाएगा। इसके उपरांत, पशुपालन विभाग के सहयोग से इन कुत्तों को एंटी-रेबीज वैक्सीन दी जाएगी, जिससे कुत्तों के काटने से रेबीज फैलने की आशंका को प्रभावी ढंग से कम किया जा सके।
इसके अतिरिक्त, शाहपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या 11 स्थित पानी टंकी परिसर में निराश्रित कुत्तों के लिए एक अस्थायी आश्रय स्थल का निर्माण कराया जाएगा। इस आश्रय स्थल में पकड़े गए कुत्तों को सुरक्षित रखा जाएगा, जहां उनके लिए भोजन और पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद, इन कुत्तों को जिला स्तर पर बने स्थायी कुत्ता आश्रय स्थल में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
आम लोगों की सुविधा और शिकायत निवारण के लिए नगर पंचायत द्वारा एक अस्थायी टोल-फ्री मोबाइल नंबर- 8083277636 भी जारी किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, शीघ्र ही एक स्थायी टोल-फ्री नंबर भी जारी किया जाएगा, ताकि नागरिक आसानी से अपनी चिंताओं और सुझावों को नगर पंचायत तक पहुंचा सकें।


