Kamlesh kidnapping: सीबीआई के बिहार-झारखंड के संयुक्त निदेशक राजीव रंजन ने बताया कि महिला दारोगा से दूसरे दिन भी पूछताछ की जा रही है। पूछताछ और जांच में महिला दारोगा द्वारा सहयोग नहीं किया जा रहा है।
- हाइलाइट: Kamlesh kidnapping
- शिक्षक कमलेश अपहरण कांड में महिला दारोगा से दूसरे दिन पूछताछ
- बातचीत के ऑडियो और रुपेश के बयान के आधार पर दारोगा से पूछताछ कर रही सीबीआई
- 19 जनवरी को गिरफ्तार दारोगा को पूछताछ के लिए सीबीआई को सोमवार को मिला था रिमांड
- 13 जुलाई 2023 से लापता चल रहे बड़हरा के कोल्हरामपुर गांव निवासी प्राइवेट शिक्षक
आरा, बिहार। भोजपुर के बड़हरा प्रखंड के कोल्हरामपुर गांव निवासी प्राइवेट शिक्षक कमलेश राय के अपहरण की गुत्थी सुलझाने को लेकर सीबीआई द्वारा मंगलवार को भी महिला दारोगा अंजली कुमारी से पूछताछ की गई। उस दौरान सीबीआई द्वारा पूछा गया कि कमलेश राय कहां है? उस पर महिला दारोगा ने कहा कि उसे पता नहीं है। सीबीआई के अनुसार पूछताछ में महिला दारोगा द्वारा बताया गया कि उसने कमलेश राय को बुलाया था, लेकिन वह उसके पास नहीं पहुंचा था।
दरअसल सीबीआई को दारोगा अंजली कुमारी और शिक्षक कमलेश राय के बीच बातचीत के कुछ ऑडियो हाथ लगे हैं। उसमें महिला दारोगा द्वारा कमलेश राय को बार-बार मिलने के लिए बुलाया जा रहा था। गर्भवती होने की बात कहते हुए गर्भपात कराने के नाम पर कमलेश राय से पैसे की मांग भी की जा रही थी। महिला दारोगा के कथित मंगेतर रुपेश कुमार चौबे से पूछताछ में भी इस संबंध में कुछ जानकारी मिली थी। उस आधार पर सीबीआई की ओर से प्रश्नों की सूची तैयार कर दारोगा से पूछताछ की जा रही है।
हालांकि सीबीआई का कहना है कि महिला दारोगा द्वारा पूछताछ में सहयोग नहीं किया जा रहा है। अधिकतर सवालों को टाल दिया जा रहा है या गलत जवाब दिया जा रहा है। सीबीआई का कहना है कि महिला दारोगा की ओर से पूर्व में कमलेश राय से कही गयी गर्भवती होने की बात अबतक की जांच के अनुसार झूठ प्रतीत हो रही है। जांच के दौरान इस संबंध में कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं।
सीबीआई के बिहार-झारखंड के संयुक्त निदेशक राजीव रंजन ने बताया कि महिला दारोगा से दूसरे दिन भी पूछताछ की जा रही है। पूछताछ और जांच में महिला दारोगा द्वारा सहयोग नहीं किया जा रहा है। पूछताछ के दौरान तबीयत खराब होने की बात कह सवाल का जवाब देने से बचने का प्रयास करती दिख रही है।
बता दें कि शिक्षक कमलेश राय के अपहरण कांड में सीबीआई द्वारा 19 जनवरी को लखीसराय में तैनात महिला सब इंस्पेक्टर अंजली कुमारी को गिरफ्तार किया गया था। उससे पूर्व दारोगा के कथित मंगेतर बक्सर निवासी रुपेश कुमार चौबे को भी गिरफ्तार किया गया था। उस मामले में पूछताछ के लिए सोमवार को न्यायालय के आदेश पर दारोगा अंजली कुमारी को चार दिनों के रिमांड पर लिया गया था।
Kamlesh kidnapping: भोजपुर से लेकर लखीसराय और मुंगेर तक लापता शिक्षक को खोज रही सीबीआई
इधर, सीबीआई लापता शिक्षक कमलेश राय और उनकी बाइक की बरामदगी में जुटी हुई है। भोजपुर के बड़हरा से लेकर लखीसराय, मुंगेर और बलिया तक गंगा किनारे तक खोजबीन की जा रही है। इसके अलावे फोटो सॉफ्टवेयर के जरिए भी कमलेश राय की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि फोटो सॉफ्टवेयर के आधार पर कमलेश राय जैसे शख्स को मथुरा, पलामू ओर नेपाल के सीमावर्ती इलाकों में देखा गया है। हालांकि उनकी पहचान नहीं हो सकी है। फोटो सॉफ्टवेयर के जरिए कमलेश राय के फोटो से मिलान किया जा रहा है।
सीबीआई के बिहार-झारखंड संयुक्त निदेशक के अनुसार भोजपुर के बड़हरा इलाकों से लेकर लखीसराय और मुंगेर तक गंगा किनारे कमलेश राय और उनकी बाइक की खोजबीन की जा रही है। चूंकि सीबीआई को आशंका है कि अपहरण करने के बाद कमलेश राय की हत्या कर दी गई है। शव और बाइक गंगा किनारे ठिकाने लगाने की आशंका भी सीबीआई की ओर जताई जा रही है। उसी आधार पर सीबीआई द्वारा गंगा किनारे कमलेश राय और उनकी बाइक की खोजबीन की जा रही।
बता दें कि सीबीआई शुरू से ही यह मान कर चल रही है कि दारोगा अंजली कुमारी कमलेश राय अपहरण कांड की मुख्य साजिशकर्ता है। अनुसंधान के दौरान उससे संबंधित कुछ साक्ष्य भी मिले हैं। रुपेश कुमार चौबे से पूछताछ में भी यह दारोगा की संलिप्तता सामने आ रही है। बता दें कि बड़हरा प्रखंड क्षेत्र के कोल्हरामपुर गांव निवासी शिक्षक कमलेश राय 13 जुलाई 2023 को अपने एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने सिन्हा थाना क्षेत्र के महुली घाट गये थे। उसके बाद से ही वह लापता चल रहे हैं।


