Purnea MP Arrested: सांसद को एक 35 साल पुराने मामले में उनकी जमानत रद्द होने के बाद हिरासत में लिया गया है।
- हाइलाइट: Purnea MP Arrested
- सांसद पप्पू यादव ने इस कार्रवाई को अपने खिलाफ बार-बार की जा रही कार्रवाई से जोड़ा
पटना: बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव को शुक्रवार देर रात पटना पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी उनके पटना स्थित मंदिर स्थित आवास से हुई, जहां पुलिस और उनके समर्थकों के बीच जमकर नोकझोंक और बहस देखने को मिली। जानकारी के अनुसार, सांसद को एक 35 साल पुराने मामले में उनकी जमानत रद्द होने के बाद हिरासत में लिया गया है।
पुलिस बल देर रात 12 बजे के करीब सांसद पप्पू यादव के आवास पर पहुंचा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और सांसद के समर्थकों के बीच तीखी बहस हुई। जब पुलिस पप्पू यादव को लेकर जा रही थी, तब उनके समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर बताया कि वे अदालत द्वारा जारी आदेश के बाद सांसद को गिरफ्तार करने आए हैं। हालांकि, पप्पू यादव ने गिरफ्तारी के दौरान पुलिस से वारंट की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें न तो कोई पूर्व सूचना दी गई, न कोई समन भेजा गया और न ही गिरफ्तारी वारंट दिखाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि अचानक देर रात पुलिस का आना और किसी ‘दीपक’ नामक व्यक्ति का सिविल ड्रेस में आकर आपराधिक जैसा व्यवहार करना चिंताजनक था, जिससे उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर आशंका हुई।
सांसद पप्पू यादव ने इस कार्रवाई को अपने खिलाफ बार-बार की जा रही कार्रवाई से जोड़ा। उन्होंने याद दिलाया कि कोरोना काल में भी उनके साथ इसी तरह का व्यवहार किया गया था और सवाल उठाया कि उन्हें ही क्यों बार-बार निशाना बनाया जा रहा है तथा उन्हें क्यों खत्म करना चाहते हैं। 35 साल पुराने जिस मामले में उनकी जमानत रद्द होने की बात कही जा रही है, उस पर उन्होंने कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई है और उन्हें दस्तावेज़ों पर हस्ताक्षर करवाने और समन देने की प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए था। उन्होंने यह भी तर्क दिया कि यदि वारंट था, तो पुलिस को दिल्ली आना चाहिए था, क्योंकि लोकसभा सत्र चल रहा था और कार्यवाही शाम 4 बजे समाप्त हो जाती है।


