Sandesh Block Pramukh – संदेश प्रखंड: अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा हेतु 23 मार्च को विशेष बैठक, प्रमुख ने कार्यपालक पदाधिकारी को लिखा पत्र
- हाइलाइट: Sandesh Block Pramukh
- 14 मार्च को पंचायत समिति सदस्यों ने एकजुट होकर प्रखंड प्रमुख और उप प्रमुख के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था।
आरा/भोजपुर। जिले के संदेश प्रखंड में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। प्रखंड प्रमुख नीलम देवी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी सह कार्यपालक पदाधिकारी चंदन कुमार को पत्र लिखकर पंचायत समिति की विशेष बैठक बुलाने का निर्देश दिया है। इस पत्र के माध्यम से उन्होंने आगामी 23 मार्च को बैठक आयोजित करने का आग्रह किया है, ताकि पंचायत समिति सदस्यों द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर नियमानुसार चर्चा की जा सके।
Sandesh Block Pramukh : पंचायत समिति सदस्यों ने 14 मार्च को पेश किया था अविश्वास प्रस्ताव
विदित हो कि संदेश प्रखंड में पंचायती राज व्यवस्था के तहत चल रही खींचतान तब मुखर होकर सामने आई, जब बीती 14 मार्च को पंचायत समिति सदस्यों ने एकजुट होकर प्रखंड प्रमुख और उप प्रमुख के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। सदस्यों ने वर्तमान नेतृत्व पर कई गंभीर और अनियमितता के आरोप लगाए हैं। सदस्यों का मुख्य आरोप है कि प्रखंड प्रमुख द्वारा कभी भी समय पर बैठकों का आयोजन नहीं किया गया, जिससे विकास कार्यों की गति बाधित हुई।
इसके अतिरिक्त, अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रमुख और उप प्रमुख द्वारा सदस्यों से विचार-विमर्श किए बिना ही मनमाने ढंग से कार्य किए गए और केवल अपने चहेते लोगों को ही विकास कार्यों में प्राथमिकता दी गई। सदस्यों के अनुसार, प्रशासनिक कार्यों में असहयोगात्मक और तानाशाही पूर्ण रवैया अपनाया गया, जिससे पूरी कार्य प्रणाली नकारात्मक रूप से प्रभावित हुई है। इन्हीं आरोपों और अविश्वास के बिंदुओं पर चर्चा के लिए अब 23 मार्च की तिथि निर्धारित करने का अनुरोध किया गया है।
बैठक की मांग के दौरान कई सदस्य उपस्थित रहे। उपस्थित सदस्यों में उषा देवी, मीना देवी, अनीता देवी, गीता देवी, पूर्व प्रमुख सह पंचायत समिति सदस्य रीमा देवी, धर्मेंद्र राम, लक्ष्मीना देवी, राजू यादव, मधु देवी तथा पूर्व उप प्रमुख सह पंचायत समिति सदस्य अतुल रंजन आनंद आदि उपस्थित थे।


