Ram Navami Procession Today: शहर में आज निकलेगी भगवान श्री राम की भव्य शोभायात्रा, पुलिस-प्रशासन चौकस
हाइलाइट: Ram Navami Procession Today
रामनवमी को लेकर आरा में निकाली जाएगी शोभायात्रा
कई नेता गण व गणमान्य लोग शोभा यात्रा में होंगे शामिल
आरा। रामनवमी का त्योहार शुक्रवार को शहर सहित पूरे भोजपुर जिले में धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान जगह-जगह मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की शोभायात्रा निकाली जाएगी। आरा शहर में शोभा यात्रा की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। शुक्रवार की सुबह करीब दस बजे शहर के विभिन्न मोहल्लों से झांकी रामगढ़िया पहुंचेगी। दोपहर 12 बजे भगवान के जन्म के उपरांत आरती व पूजन होगा, तत्पश्चात रामगढ़िया से शोभायात्रा प्रारंभ होगी।
शोभायात्रा शहर के रामगढ़िया, अबरपुल, पड़ाव मोड़, चौक आर्य पथ, शीशमहल चौक, गोपाली चौक, जेल रोड, शिवगंज मोड़, सदर अस्पताल रोड, मठिया मोड़, महादेवा रोड, धर्मन चौक पहुंचेगी। उसके बाद चित्रटोली रोड, डींस टैंक गोलंबर, रमना रोड, महावीर टोला रोड, करमन टोला, नवादा थाना मोड, कृषि भवन, कतीरा, पकड़ी, जज कोठी गोलंबर होते हुए रमना मैदान में समाप्त होगी। शोभायात्रा में मंत्री, विधायक समेत अन्य गणमान्य लोग शामिल होंगें।
Ram Navami Procession Today: 269 स्थलों पर दंडाधिकारी व पुलिस अफसर की होगी तैनाती
रामनवमी के त्योहार को लेकर शहर सहित पूरे जिले में कुल 269 स्थलों पर दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसको लेकर जिला पदाधिकारी-सह-जिला दंडाधिकारी तनय सुल्तानिया एवं पुलिस अधीक्षक राज के द्वारा रामनवमी के शांतिपूर्ण आयोजन और विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु संयुक्त आदेश जारी किया गया है। दिए गये आदेश में कहा गया है कि रामनवमी पर्व के अवसर पर विभिन्न मंदिरों और ठाकुरबाड़ियों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है, जिसके मद्देनजर जिले में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु विशेष सतर्कता आवश्यक है।
अफवाह फैलाने वालो पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर
रामनवमी शोभायात्रा के दौरान अफवाह फैलाने, सामाजिक सद्भाव भंग करने, सामाजिक विद्वेष उत्पन्न करने और उपद्रवी गतिविधियों में संलिप्त असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी की जाएगी, साथ ही उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि बिना अनुमति के कोई भी जुलूस न निकले। नया लाइसेंस निर्गत करने से पूर्व संबंधित रूट का सत्यापन संयुक्त रूप से करने के बाद ही अनुमति प्रदान की जाए। वही असामाजिक तत्वों पर विशेष निगाह रखने के लिए सादे लिबास में भी पुलिस अफसर व जवानों की तैनाती की गई है।
रामनवमी शोभायात्रा की ड्रोन से होगी निगरानी
रामनवमी के अवसर पर निकाले जाने वाले प्रत्येक जुलूस की वीडियोग्राफी कराई जाए और संपूर्ण शोभायात्रा की ड्रोन से निगरानी की जाएगी। ध्वनि विस्तारक यंत्रों, विशेष रूप से डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और लाउडस्पीकर की ध्वनि निर्धारित मानक से अधिक नही हो, इसका सख्ती से पालन कराया जाएगा। शोभा यात्रा के आगे और पीछे पुलिस की बाइकर्स टीम होगी। जिन रास्तों से शोभायात्रा गुजरेगी उन रास्तों के संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की तैनाती की जाएगी।
शोभायात्रा के दौरान एंबुलेंस भी रहेगा मुस्तैद
रामनवमी शोभा यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को भी ध्यान में रखते एंबुलेंस की तैनाती कि गई है। इसको लेकर सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया है। कहा गया हैं कि शोभायात्रा के दौरान जुलूस के पीछे एंबुलेंस तथा आवश्यक दवाओं की व्यवस्था रखें। इसके अलावे सदर अस्पताल में आपातकालीन स्थिति से निपटने हेतु डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ, जीवन रक्षक दवाओं एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की सुनिश्चितता की जाए।
भगवामय हुआ पुरा आरा शहर
रामनवमी शोभा यात्रा को लेकर लोगो का उत्साह चरम पर है। रामनवमी को लेकर पूरा शहर भगवामय हो गया है। इसके अलावे शहर के विभिन्न मुहल्लों के भवनों पर भगवा झंडा लगाया गया है। इसके अलावे सडक के दोनो ओर पोल पर भगवा झंडा लगाया गया है। शोभा यात्रा को लेकर कई चालक भी अपने वाहनों पर भगवा झंडा लहराते दिखे।
शोभा यात्रा को लेकर झंडा, बैनर व पोस्टर से पटा शहर
रामनवमी शोभा यात्रा शुक्रवार को है। इसको लेकर लोगो का उत्साह चरम पर है। शहर के विभिन्न इलाकों में विद्युत पोलों पर भगवा झंडे लगाए गए हैं। वहीं जगह-जगह राम भक्तों के स्वागत में बैनर एवं पोस्टर लगाए गए हैं।
राम भक्तों के स्वागत के लिए लगाए जाएंगे स्टाॕल
श्री रामनवमी शोभा के दौरान शुक्रवार को राम भक्तों के स्वागत के लिए जगह-जगह स्टाल लगाए जाएंगे। इसको लेकर पूरे शहर में तैयारी जोर-शोर से चल रही है। राम भक्तों के स्वागत के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों, ट्रस्टों एवं संस्थाओं द्वारा स्टाॅल लगाया जाएगा। जहां शीतल-पेय, शरबत, मिष्ठान, बुंदिया, फल आदि का वितरण किया जाएगा।
शोभा यात्रा को लेकर शहर में बाधित रहेगी विद्युत आपूर्ति
रामनवमी के उपलक्ष्य में आरा शहरी इलाकों में शोभा यात्रा प्रस्तावित है। शोभा यात्रा के दौरान सुरक्षा के दृष्टिकोण से 27 मार्च 26 (शुक्रवार) की सुबह 10 बजे से रात्रि 12 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।


