Drinking water facility: दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि इतनी तपिश के बावजूद जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक पदाधिकारी इस विषय पर पूरी तरह मौन साधे हुए हैं
- हाइलाइट: Drinking water facility
- पूर्व पैक्स अध्यक्ष बोले: जल्द ही उनके द्वारा नगर के कुछ प्रमुख स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था की जाएगी
आरा,शाहपुर। वर्तमान में अप्रैल माह की तपिश ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सूरज की चढ़ती किरणों के साथ ही तापमान का पारा सुबह नौ बजे से ही चढ़ने लगता है और दोपहर होते-होते यह स्थिति चरम पर पहुंच जाती है। इस चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के बीच शाहपुर नगर पंचायत क्षेत्र में पेयजल की व्यवस्था न होना आम लोगों के लिए एक बड़ी समस्या बन गई है। बाजार में खरीदारी करने आने वाले हर वर्ग के नागरिकों को इसके चलते भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
Drinking water facility: शादियों का सीजन और बाजारों में भीड़, लेकिन कही पेयजल की व्यवस्था नहीं
वर्तमान में शादियों का सीजन अपने चरम पर है, जिसके कारण बाजारों में भारी भीड़ देखी जा रही है। लोग बच्चों के साथ खरीदारी के लिए घर से निकल रहे हैं और साग-सब्जी, फल, कपड़े व बर्तनों जैसी आवश्यक वस्तुओं की खरीद के लिए चिलचिलाती धूप में घंटों बिताने को मजबूर हैं। गौरतलब है कि इस वर्ष गर्मी ने मार्च माह से ही अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया था, जिससे आमजन को पेयजल की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक महसूस हो रही है।
पूर्व के वर्षों में अप्रैल का महीना शुरू होते ही नगर पंचायत और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा मुख्य स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था कर दी जाती थी, जिससे राहगीरों को राहत मिलती थी। लेकिन विडंबना यह है कि आधा अप्रैल बीत जाने के बाद भी नगर पंचायत क्षेत्र में एक भी प्याऊ की व्यवस्था नहीं की गई है। नगर पंचायत की इस उदासीनता के कारण बाजार आए लोगों को अपनी प्यास बुझाने के लिए मजबूरी में बोतल बंद पानी खरीदने पड़ रहे हैं।
गर्मी के इस दौर में नगर पंचायत प्रशासन की ओर से सड़क किनारे शीतल पेयजल की व्यवस्था करना जनहित में नितांत आवश्यक है। दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि इतनी भीषण गर्मी के बावजूद जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक पदाधिकारी इस विषय पर पूरी तरह मौन साधे हुए हैं, जिससे नागरिकों में रोष बढ़ रहा है।
हालांकि, शाहपुर नगर के पूर्व पैक्स अध्यक्ष रंगलाल यादव ने कहा कि जल्द ही उनके द्वारा नगर के कुछ प्रमुख स्थानों पर शीतल पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। उम्मीद है कि शीघ्र ही नगर पंचायत प्रशासन भी अपनी जिम्मेदारी को समझेंगे और इस भीषण गर्मी में आमजन को राहत देने हेतु, प्याऊ का प्रबंध सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कदम उठाएंगे।


