Baba Saheb: नगर पंचायत शाहपुर के वार्ड संख्या 04 में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ संपन्न
- हाइलाइट: Baba Saheb
- बाबा साहेब ने भारत को विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान प्रदान किया: कामेश्वर राज
आरा। नगर पंचायत शाहपुर के अंतर्गत वार्ड संख्या 04 में मंगलवार को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती अत्यंत धूमधाम और श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय वार्ड पार्षद कामेश्वर राज ने की। इस अवसर पर अंबेडकर मोहल्ला के निवासियों के साथ-साथ क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिन्होंने बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वार्ड पार्षद कामेश्वर राज ने बाबा साहेब के जीवन और उनके महान व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आधुनिक भारत के निर्माता और संविधान शिल्पी डॉ. भीमराव अंबेडकर का जन्म 14 अप्रैल 1891 को मध्य प्रदेश के महू में हुआ था। उनके पिता श्री रामजी मालोजी सकपाल ब्रिटिश भारतीय सेना में सूबेदार थे और उनकी माता का नाम भीमाबाई सकपाल था। वे अपने माता-पिता की 14वीं और अंतिम संतान थे।
Baba Saheb: पार्षद राज ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन और प्रयासों को रेखांकित किया
पार्षद ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन और समाज में व्याप्त अस्पृश्यता को मिटाने के प्रयासों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने दलितों, पिछड़ों और शोषित वर्गों के उत्थान के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। हिंदू कोड बिल के माध्यम से महिलाओं को संपत्ति और स्वाभिमान का अधिकार दिलाने की वकालत करना हो या शिक्षा को सशक्तिकरण की कुंजी बताना, उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उनके प्रसिद्ध नारे “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” तथा “शिक्षा शेरनी का वह दूध है जो पियेगा वह दहाड़ेगा” आज भी करोड़ों लोगों को प्रेरणा देते हैं।
कामेश्वर राज ने कहा कि बाबा साहेब ने भारत को विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान प्रदान किया। वे ज्ञान के सागर थे और उन्होंने समतामूलक समाज के निर्माण का जो सपना देखा था, उसे साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर उन्होंने शाहपुर नगर की समस्त जनता को अंबेडकर जयंती की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
एनएच-84 के समीप संत रविदास मंदिर परिसर के पास मनी डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती
इसी क्रम में, अंबेडकर मोहल्ला स्थित एनएच-84 के समीप संत रविदास मंदिर परिसर के समीप भी भीम आर्मी के सहयोग से डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया और संविधान निर्माता के पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लिया। पूरा क्षेत्र बाबा साहेब के जयकारों से गुंजायमान रहा। इस अवसर पर सुशील राम, उपेन्द्र राम, हरिहर नाथ, प्रेमशंकर सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।


