Homeबिहारआरा भोजपुरराष्ट्रव्यापी आंदोलन में शामिल भोजपुर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन, 20 मई को...

राष्ट्रव्यापी आंदोलन में शामिल भोजपुर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन, 20 मई को बंद रहेंगी जिले की सभी दवा दुकानें

All medicine shops: ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के राष्ट्रव्यापी आह्वान के समर्थन में, जिले की सभी थोक एवं खुदरा दवा दुकानें 20 मई 2026 को पूरी तरह बंद रहेंगी।

jay kumar
  • हाइलाइट: All medicine shops
  • 20 मई को भोजपुर सहित देशभर की दवा दुकानें रहेंगी बंद
  • छोटे दवा कारोबारियों के समर्थन में भोजपुर सहित देशभर में मेडिकल स्टोर बंद
  • दवा दुकानदारों की चेतावनी: ऑनलाइन बिक्री बंद करो, नहीं तो आंदोलन तेज होगा

आरा। स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में कार्यरत दवा विक्रेताओं के हितों और जनहित की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए भोजपुर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के राष्ट्रव्यापी आह्वान के समर्थन में, जिले की सभी थोक एवं खुदरा दवा दुकानें 20 मई 2026 को पूरी तरह बंद रहेंगी। यह निर्णय ई-फार्मेसी और कॉर्पोरेट कंपनियों की अनुचित कार्यप्रणाली के विरोध में लिया गया है, जो छोटे दवा विक्रेताओं के अस्तित्व के लिए खतरा बन गई हैं।

All medicine shops : राष्ट्रव्यापी आंदोलन में शामिल, भोजपुर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन

एसोसिएशन के अध्यक्ष सतेंद्र कुमार सिंह ने इस विरोध प्रदर्शन के मुख्य कारणों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरकार को वर्ष 2018 के जीएमआर 817 (ऑनलाइन दवा बिक्री) और वर्ष 2020 के जीएमआर 220 (कोविड काल में होम डिलीवरी हेतु मिली छूट) को तत्काल प्रभाव से समाप्त करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ई-फार्मेसी और बड़ी कॉर्पोरेट कंपनियां भारी डिस्काउंट देकर बाजार में प्रतिस्पर्धा को प्रभावित कर रही हैं, जबकि केंद्र सरकार ने दवा विक्रेताओं के लिए पहले से ही मार्जिन निर्धारित कर रखा है।

नकली और अवैध दवाओं के बाजार में आने का खतरा :

इस मुद्दे के गंभीर पहलुओं पर चर्चा करते हुए एसोसिएशन ने बताया कि इस प्रकार की व्यावसायिक नीतियों से न केवल स्थानीय दवा दुकानदारों पर आर्थिक संकट गहरा रहा है, बल्कि आम नागरिकों के लिए भी बड़ा जोखिम उत्पन्न हो गया है। ऑनलाइन माध्यमों से दवाओं की अनियंत्रित बिक्री के कारण नकली और अवैध दवाओं के बाजार में आने का खतरा बढ़ गया है, जो सीधे तौर पर जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है।

काला बिल्ला लगाकर विरोध :

जिले के सभी दवा दुकानदार 16 मई से 19 मई तक काला बिल्ला लगाकर अपनी असहमति और विरोध दर्ज कराएंगे। इसके बाद 20 मई को पूर्ण बंद का आयोजन किया जाएगा ताकि सरकार तक दवा विक्रेताओं की वाजिब मांगें पहुंचाई जा सकें। एसोसिएशन ने मरीजों को होने वाली असुविधा के लिए खेद प्रकट किया है, परंतु साथ ही यह भी दोहराया है कि दवा व्यवसाय की मर्यादा और जनहित की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाना अत्यंत आवश्यक है।

भोजपुर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने जिले के समस्त दवा विक्रेताओं से एकजुट होकर इस आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। इस बैठक में एसोसिएशन के राज्य उपाध्यक्ष पंकज कुमार सिंह, उपाध्यक्ष दरोगा प्रसाद साह, सचिव अरविंद कुमार, उपसचिव अरुण पाठक, मंटू दुबे, जय प्रकाश केशरी और राजू गुप्ता सहित संघ के कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

Bijay singh
Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi

Most Popular