Sahyog Helpline Number: मुख्यमंत्री बिहार द्वारा “सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100” एवं “सहयोग पोर्टल” का शुभारंभ
- हाइलाइट: Sahyog Helpline Number
- सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100 प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक संचालित रहेगी
पटना, आरा। बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी पहल “सबका सम्मान, जीवन आसान” के अंतर्गत आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान हेतु सोमवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा पटना में आयोजित कार्यक्रम में “सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100” एवं “सहयोग पोर्टल” का शुभारंभ किया गया।
इस कार्यक्रम का भोजपुर जिला मुख्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लाइव प्रसारण किया गया, जिसमें जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया, पुलिस अधीक्षक राज एवं डीडीसी गुंजन सिंह सहित अन्य पदाधिकारी जुड़े रहे। सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100 प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक संचालित रहेगी, जहां आम नागरिक अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के संबंध में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
इसके अतिरिक्त नागरिक सहयोग पोर्टल sahyog.bihar.gov.in पर कभी भी ऑनलाइन परिवाद/आवेदन दर्ज कर सकेंगे, जिससे घर बैठे शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध होगी। आवेदन दर्ज होने के उपरांत आवेदक को तत्काल रसीद/पावती प्राप्त होगी, जिसके माध्यम से वे अपने आवेदन की स्थिति एवं निष्पादन की प्रगति को ऑनलाइन ट्रैक कर सकेंगे।
साथ ही शिकायतों के निष्पादन के उपरांत आवेदक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन फीडबैक एवं टिप्पणी भी दर्ज कर सकेंगे, जिससे शिकायत निवारण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी एवं उत्तरदायी बनाया जा सकेगा। राज्य सरकार द्वारा यह सुनिश्चित किया गया है कि प्राप्त परिवादों का समयबद्ध निष्पादन किया जाए तथा परिवाद दर्ज होने की तिथि से 30 दिनों के भीतर निष्पादन की सूचना आवेदक को उपलब्ध कराई जाए।


