Bye-election 2026 आरा। बिहार विधान परिषद के भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र उप निर्वाचन 2026 हेतु मतदान कर्मियों के योगदान एवं डिस्पैच कार्यक्रम तथा सभी मतदान कर्मियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग हुआ। समाहरणालय सभागार में आयोजित ब्रीफिंग की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी तनय सुल्तानिया ने की।
इस दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी पोलिंग पार्टियों, मतदान कर्मियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त मतदान सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया, उन्होंने सभी मतदान कर्मियों को निर्देशित किया कि मतदान सामग्री प्राप्त करने के उपरांत सभी पोलिंग पार्टियां सीधे अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर ही प्रस्थान करें तथा बीच में कहीं अन्यत्र न रुकें।
Bye-election 2026 : मतदान प्रक्रिया की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो
साथ ही सभी मतदान केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने एवं प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि मतदान केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की दिशा एवं कार्यशीलता का विशेष रूप से ध्यान रखा जाए, जिससे मतदान प्रक्रिया की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो सके।
साथ ही उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को मतदान केंद्र के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाए। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी मतदान कर्मियों को निर्देशित किया कि मतदान संपन्न होने के उपरांत सभी पोलिंग पार्टियां यह सुनिश्चित करें कि समस्त मतदान सामग्री राजकीय कन्या +2 उच्च विद्यालय, आरा स्थित वज्रगृह में सुरक्षित रूप से जमा कराई जाए। बैठक में उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, आरा सदर, नोडल पदाधिकारी कार्मिक कोषांग, उप निर्वाचन पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।


