HomeNewsचुनावMahua : तेजप्रताप और RJD के बीच सीधी टक्कर

Mahua : तेजप्रताप और RJD के बीच सीधी टक्कर

Mahua: बिहार चुनाव में पहले चरण की वोटिंग जारी है। राज्य की कई विधानसभा सीटें हॉट सीट मानी जा रही हैं। इनमें से एक है वैशाली जिले की महुआ विधानसभा सीट। महुआ विधानसभा सीट से लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव इस बार मैदान में है। तेजप्रताप यादव की सीधी टक्कर राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशी और यहां से मौजूदा विधायक मुकेश रौशन से है।

महुआ सीट की विभिन्न पोलिंग बूथों पर सुबह से ही मतदान जारी है। यहां भी वोटरों का जोश हाई नजर आया है। सुबह से ही लोग अपना मत डालने के लिए पोलिंग बूथों पर खड़े नजर आए। चुनाव के दौरान यहां सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैंं। महुआ विधानसभा सीट पर सुबह नौ बजे तक 14.49 फीसदी वोटिंग हुई। इस बार हसनपुर से अलग महुआ सीट से चुनाव लड़ रहे तेजप्रताप यादव कह चुके हैं कि चुनाव परिणाम चाहे जो हों, वह न तो पिता की पार्टी में लौटेंगे और न ही किसी अन्य दल में शामिल होंगे।

वोटिंग से पहले उन्होंने महुआ (Mahua) में अपनी जीत का पूरा विश्वास जताते हुए कहा था कि यहां उनका ‘‘कोई मुकाबला नहीं’’ है। तेजप्रताप ने मेडिकल कॉलेज की स्थापना को अपनी उपलब्धि बताते हुए वादा किया थ कि क्षेत्र में एक ‘‘अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम’’ बनवाया जाएगा, जिसमें भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच भी आयोजित कराया जाएगा।

राजद ने महुआ सीट से मौजूदा विधायक एवं तेजस्वी के करीबी माने जाने वाले मुकेश रौशन को उम्मीदवार बनाया है। 2015 में तेज प्रताप यादव पहली बार महुआ सीट से चुनाव लड़कर विधायक बने थे। लेकिन 2020 के विधानसभा चुनाव में तेज प्रताप यादव सीट बदल कर हसनपुर (समस्तीपुर) चले गए और वहां से विधायक बने।

लेकिन इस बार पार्टी से बेदखल किए जाने के बाद तेजप्रताप यादव ने अपनी पार्टी जनशक्ति जनता दल बना महुआ से ताल ठोक दी है। इस सीट पर एनडीए की तरफ से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने संजय कुमार सिंह भी चुनावी मैदान में हैं।

NEWS PAPERS
NEWS PAPERS
NEWSPAPERS Covers all Breaking News in Hindi

Most Popular