Homeआरा भोजपुरबिहियाजनता परेशान, जिम्मेदार मौन: बिहिया डाकबंगला चौक के समीप सड़क जाम

जनता परेशान, जिम्मेदार मौन: बिहिया डाकबंगला चौक के समीप सड़क जाम

Bihiya Dakbangla Chowk : सोमवार को आंदोलन का पांचवां दिन था, जब आक्रोशित लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। डाकबंगला चौक के समीप बिहिया-बिहटा स्टेट हाईवे को जाम कर दिया।

  • हाइलाइट: Bihiya Dakbangla Chowk
  • बिहिया की बदहाल सड़क और जलजमाव के खिलाफ जन आंदोलन
  • पांचवें दिन आक्रोश की पराकाष्ठा, भीषण गर्मी के बीच सड़क जाम
  • ठेकेदार की लापरवाही को लेकर बुलंद की आवाज, खूब हुई नारेबाजी

आरा, भोजपुर। जिले का बिहिया नगर पंचायत क्षेत्र इन दिनों प्रशासनिक उपेक्षा का दंश झेल रहा है। बिहिया शहर के मुख्य मार्ग डाकबंगला रोड की जर्जर स्थिति और जलजमाव की गंभीर समस्या के खिलाफ स्थानीय नागरिकों का धैर्य अब जवाब दे गया है। बिहिया नगर पंचायत के निवर्तमान चेयरमैन सचिन कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पिछले पांच दिनों से सड़क किनारे पंडाल लगाकर अनिश्चितकालीन धरना जारी है, लेकिन अफसोस की बात यह है कि जिला प्रशासन ने अब तक इस समस्या की सुध लेने की जहमत तक नहीं उठाई है।

Bihiya Dakbangla Chowk : जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी

सोमवार को आंदोलन का पांचवां दिन था, जब आक्रोशित लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रशासन की उदासीनता के विरोध में प्रदर्शनकारियों ने बिहिया-बिहटा स्टेट हाईवे स्थित डाकबंगला चौक के समीप सड़क को जाम कर दिया। देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। इस दौरान लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और ठेकेदार की लापरवाही को लेकर भी अपनी आवाज बुलंद की। भीषण गर्मी और तपती दुपहरी के बीच भी सचिन कुमार गुप्ता का जज्बा कम नहीं हुआ, जो जन सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

आखिर इस विरोध प्रदर्शन की मुख्य वजह क्या है?

दरअसल, बिहिया का डाकबंगला रोड आज बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुका है। नाली का पानी इन गड्ढों में जमा हो जाने से स्थिति नारकीय हो गई है। आए दिन यहां वाहन फंस रहे हैं, और पैदल चलना तो दूर, दोपहिया वाहनों का गुजरना भी दुर्घटनाओं को आमंत्रण देने जैसा हो गया है। सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि यह मार्ग केवल एक सड़क नहीं, बल्कि शहर की जीवन रेखा है। सबसे ज्यादा इसी सड़क से होकर बिहिया पुलिस स्टेशन, प्रखंड सह अंचल कार्यालय, नगर पंचायत कार्यालय, रेलवे स्टेशन, चकबंदी ऑफिस, कस्तूरबा विद्यालय और दर्जनों कोचिंग संस्थानों तक पहुंचते है। स्कूली बच्चों और आम जनता के लिए हर दिन यहां से गुजरना एक बड़ी चुनौती और जोखिम बन चुका है।

अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर काम चाहिए: सचिन

प्रदर्शनकारियों का स्पष्ट आरोप है कि स्थानीय निवासियों ने न केवल पहले अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया था, बल्कि कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें भी दर्ज की थीं। उस समय अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई का ठोस आश्वासन दिया था, लेकिन धरातल पर परिणाम शून्य रहा। कागजों में सिमटी फाइलों और जिम्मेदारों की चुप्पी ने आम जनता को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर कर दिया। निवर्तमान चेयरमैन सचिन कुमार गुप्ता ने कहा कि बिहिया की जनता का स्पष्ट संदेश है कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर काम चाहिए।

Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi
- Advertisment -
खबरे आपकी : Latest News in Hindi, Breaking News, हिंदी न्यूज़
खबरे आपकी : Latest News in Hindi, Breaking News, हिंदी न्यूज़

Most Popular