Jawainiya village: भोजपुर जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया के निर्देशानुसार, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी राहुल भूषण ने बुधवार को निर्माण स्थल का सघन निरीक्षण किया।
- हाइलाइट: Jawainiya village
- अतिरिक्त श्रमिकों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश
आरा। भोजपुर जिला के शाहपुर अंचल अंतर्गत जवैनिया गांव में गंगा नदी के कटाव से बचाव के लिए चल रही महत्वपूर्ण परियोजना का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया के निर्देशानुसार, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी राहुल भूषण ने बुधवार को निर्माण स्थल का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति की बारीकी से समीक्षा की और संबंधित कार्यकारी एजेंसी को कार्य की गुणवत्ता एवं गति के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी ने कार्यकारी एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्य को और अधिक गति देने के लिए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त श्रमिकों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उनका मुख्य उद्देश्य यह है कि मानसून के आगमन से पूर्व कटाव निरोधी कार्य को उच्च मानकों के साथ पूर्ण किया जा सके ताकि स्थानीय निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। जिला प्रशासन इस पूरी प्रक्रिया की सतत निगरानी कर रहा है, ताकि कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न रहे।
Jawainiya village : वर्ष 2025 की भीषण त्रासदी के बाद
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 की भीषण त्रासदी के बाद गंगा नदी के बढ़ते कटाव से जवैनिया गांव और उसके आसपास के क्षेत्रों के लिए स्थिति काफी गंभीर मानी जा रही थीं। इन संभावित कटाव से प्रभावित क्षेत्रों को सुरक्षित करने की आवश्यकता को प्राथमिकता देते हुए राज्य सरकार द्वारा एक महत्वपूर्ण योजना को स्वीकृति प्रदान की गई है। इस कटाव निरोधी परियोजना के लिए करीब 52 करोड़ 56 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जो क्षेत्र को भविष्य के संभावित खतरों से बचाने के लिए एक सुरक्षा कवच का कार्य करेगी। जिला प्रशासन की ओर से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि आवंटित बजट का सही उपयोग हो और निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा हो।

